साहिबगंज में 'गीली गर्मी' का आतंक, 40°C तापमान में 45°C जैसी तपिश से लोग बेहाल
उमस और बिजली कटौती से लोगों की दिन-रात की परेशानी बढ़ी
साहिबगंज में इन दिनों भीषण गर्मी के साथ उमस ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने के बावजूद लोगों को 45 डिग्री से अधिक गर्मी का एहसास हो रहा है। दोपहर के समय सड़कें सूनी पड़ जाती हैं और मजदूर, रिक्शा चालक तथा फुटपाथी दुकानदार सबसे अधिक प्रभावित हो रहे हैं।
साहिबगंज: जिले में तापमान भले ही 40 डिग्री सेल्सियस दिख रहा हो, पर उमस ने इसे 45 डिग्री से ऊपर का एहसास बना दिया है। हालात ये हैं कि दोपहर 10 से 4 बजे तक शहर कर्फ्यू जोन लगने लगा है। दोपहर में जरूरी काम से निकले लोग भी सिर पर गमछा, हाथ में छाता और बार-बार पानी की बोतल खाली करते दिख रहे हैं। सबसे ज्यादा बेहाल मजदूर, रिक्शा चालक और फुटपाथी दुकानदार हो रहे हैं। धूप में खड़े-खड़े चक्कर खाकर गिर रहे हैं।
रात का तापमान गिर नहीं रहा। ऊपर से बिजली कटौती के कारण पंखा-कूलर भी बंद है। लोगों की नींद उड़ी हुई है। सदर अस्पताल और निजी क्लीनिकों में लू, डिहाइड्रेशन, उल्टी-दस्त और सिरदर्द के मरीजों की भीड़ बढ़ गई है। डॉ. अमित कुमार ने बताया कि उमस वाली गर्मी ज्यादा खतरनाक है। शरीर से हर समय पसीना निकलता रहता है, जिससे डिहाइड्रेशन हो जाता है। उन्होंने कहा कि दिन में बाहर न निकलें, खूब पानी पीएं और हल्का भोजन लें।


Mohit Sinha is a writer associated with Samridh Jharkhand. He regularly covers sports, crime, and social issues, with a focus on player statements, local incidents, and public interest stories. His writing reflects clarity, accuracy, and responsible journalism.


