Ranchi News: सेंट जेवियर्स कॉलेज, शारदा इन्फ्रासोल्यूशंस का शानदार कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव आयोजित
तीन प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को मिला बेहतरीन रोजगार अवसर
सेंट जेवियर्स कॉलेज रांची में शारदा इन्फ्रासोल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड द्वारा आयोजित कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव में 51 विद्यार्थियों ने भाग लिया। प्रबंध निदेशक ऋषभ सिंघानिया और एचआर निदेशक स्नेहा सिंघानिया की उपस्थिति में चयन प्रक्रिया पूरी कर तीन योग्य छात्रों को विभिन्न एग्जीक्यूटिव पदों के लिए चुना गया।
रांची: सेंट जेवियर्स कॉलेज, शारदा इन्फ्रासोल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड की ओर से कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव का आयोजन किया गया। सुबह 10 बजे से लेकर शाम 5 बजे तक चले इस कार्यक्रम में कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के तौर पर कॉलेज के उप-प्राचार्य डॉ. फादर अजय मिंज, कंपनी के प्रबंध निदेशक ऋषभ सिंघानिया, निदेशक (एचआर) स्नेहा सिंघानिया और प्लेसमेंट अधिकारी तीर्थजीत सिन्हा उपस्थित थे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कंपनी के प्रबंध निदेशक ऋषभ सिंघानिया ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया। उन्होंने कहा कि आज के दौर में केवल किताबी ज्ञान काफी नहीं है, बल्कि छात्रों में व्यावहारिक ज्ञान होना बेहद जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों को कॉर्पोरेट जगत की वर्तमान आवश्यकताओं से अवगत कराया और बताया कि किस तरह वे अपने कौशल को निखारकर इंडस्ट्री में अपनी पहचान बना सकते हैं।
इसके बाद निदेशक (एचआर) स्नेहा सिंघानिया ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए रोजगार के अवसरों की जानकारी दी। उन्होंने पेशेवर जीवन में सफलता के मूल मंत्र साझा करते हुए कहा कि कार्यक्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए अनुशासन, सकारात्मक सोच और कड़ी मेहनत सबसे जरूरी गुण हैं। उन्होंने छात्रों को इंटरव्यू का सामना करने और कॉर्पोरेट माहौल में खुद को ढालने के महत्वपूर्ण टिप्स भी दिए।
इसके बाद कंपनी की टीम ने प्लेसमेंट प्रक्रिया की शुरुआत की, जिसमें जसमीत मेहता, राखी कुमारी, प्रकाश कुमार सिंह और मोनिका सोनी ने मुख्य भूमिका निभाई। इस ड्राइव में कॉलेज के कुल 51 विद्यार्थियों ने भाग लिया। लिखित परीक्षा और इंटरव्यू के बाद तीन छात्र-छात्राओं का चयन किया गया, जिसमें नितीश कुमार (अकाउंट्स एग्जीक्यूटिव), रिया कुमारी (बैक ऑफिस एग्जीक्यूटिव) और साक्षी राय (कस्टमर रिलेशनशिप एग्जीक्यूटिव) शामिल हैं।
अंत में कंपनी प्रबंधन ने इस सफल आयोजन के लिए कॉलेज के प्लेसमेंट अधिकारी तीर्थजीत सिन्हा और कॉलेज प्रशासन का आभार व्यक्त किया और भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित करने की बात कही।
Anjali Sinha covers Jharkhand local news, breaking stories, and trending updates at Samridh Jharkhand. She focuses on ground reports, regional developments, and timely news coverage to keep readers informed with accurate and engaging stories. Passionate about journalism, she brings attention to stories that matter to the community.


