Koderma News: उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता ने किया जिला राजमार्ग सुरक्षा टास्क फोर्स का गठन
जिला परिवहन पदाधिकारी विजय कुमार सोनी बैठक में शामिल
कोडरमा के उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता की अध्यक्षता में जिला राजमार्ग सुरक्षा टास्क फोर्स की प्रथम बैठक संपन्न हुई। सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के तहत राष्ट्रीय राजमार्गों पर अतिक्रमण हटाने, एडवांस्ड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम लागू करने तथा प्रत्येक 75 किलोमीटर पर एम्बुलेंस व क्रेन की व्यवस्था सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए गए हैं।
कोडरमा: सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों के अनुपालन में उन सभी जिलों में, जहां से राष्ट्रीय राजमार्ग गुजरता है, जिला राजमार्ग सुरक्षा टास्क फोर्स का गठन किया जाना है। इसी क्रम में उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता द्वारा जिला राजमार्ग सुरक्षा टास्क फोर्स का गठन किया गया। इसके उपरांत उपायुक्त की अध्यक्षता में टास्क फोर्स की प्रथम बैठक आयोजित की गई।
बैठक में उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता ने टास्क फोर्स के सभी सदस्यों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि राष्ट्रीय राजमार्गों पर किसी भी प्रकार के अवैध अतिक्रमण को हटाना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि कोई भी भारी अथवा वाणिज्यिक वाहन राष्ट्रीय राजमार्ग के मुख्य मार्ग अथवा पक्के कंधे पर पार्क या खड़ा नहीं किया जाएगा। ऐसे वाहनों के लिए निर्धारित पार्किंग बे, ले-बाय अथवा वे-साइड अमेनिटी में पार्किंग की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।


उपायुक्त ने निर्देश दिया कि एनएचएआई एवं सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय राष्ट्रीय राजमार्गों पर प्रत्येक 75 किलोमीटर की दूरी पर ट्रक ले-बाय सुविधाओं के निर्माण हेतु आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें। इसके अतिरिक्त प्रत्येक राष्ट्रीय राजमार्ग खंड पर अधिकतम 75 किलोमीटर की दूरी पर बेसिक लाइफ सपोर्ट एम्बुलेंस एवं रिकवरी क्रेन की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। इन सुविधाओं को टोल प्लाजा, वे-साइड अमेनिटी अथवा निर्धारित चौकियों पर तैनात किया जाएगा ताकि आपात स्थिति में तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
बैठक में वे-साइड अमेनिटीज में न्यूनतम सुविधाएं जैसे विश्राम स्थल, भोजन सेवाएं, शौचालय, सुरक्षित पार्किंग व्यवस्था एवं प्राथमिक उपचार सुविधाएं विकसित करने पर भी जोर दिया गया। साथ ही 500 मीटर की दूरी से स्पष्ट दिखाई देने वाले रेट्रो-रिफ्लेक्टिव संकेतक लगाने के निर्देश दिए गए। बैठक में जिला परिवहन पदाधिकारी विजय कुमार सोनी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक, कार्यपालक अभियंता पथ निर्माण विभाग वरुण, सहायक अभियंता एनएचएआई, संबंधित थाना प्रभारी, संबंधित अंचल अधिकारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।
Kumar Ramesham is associated with Samridh Jharkhand and actively covers local news, public issues, social developments, and important updates from Jharkhand and nearby regions. He focuses on delivering timely, factual, and community-centered reporting with an emphasis on accuracy and reliability.


