Bokaro News: डॉ. ए.के. पंडा ने सेल के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक के रूप में कार्यभार संभाला
कच्चे माल की सुरक्षा के लिए घरेलू खनन पर जोर
डॉ. अशोक कुमार पंडा ने 9 मई 2026 को सेल (SAIL) के नए सीएमडी के रूप में कार्यभार ग्रहण किया। उन्होंने कंपनी की क्षमता को 35 मिलियन टन तक बढ़ाने और कार्यस्थल सुरक्षा व कच्चे माल की सुरक्षा को अपनी शीर्ष प्राथमिकता बताया।
बोकारो: डॉ. अशोक कुमार पंडा ने 9 मई, 2026 को स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक (सीएमडी) के रूप में कार्यभार ग्रहण कर लिया है। इससे पूर्व, वह कंपनी के निदेशक (वित्त) के रूप में कार्यरत थे और इस दौरान लगभग नौ महीनों तक उनके पास निदेशक (वाणिज्यिक) का अतिरिक्त प्रभार भी रहा।
डॉ. पंडा ने इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में बी.ई. पूरा करने के बाद, वर्ष 1992 में मैनेजमेंट ट्रेनी (तकनीकी) के रूप में सेल में अपने करियर की शुरुआत की थी। पिछले तीन दशकों से अधिक की अपनी विशिष्ट सेवा, अटूट समर्पण और दृढ़ संकल्प के बल पर वह कंपनी के भीतर नेतृत्व के उच्चतम स्तर तक पहुंचे हैं। उन्होंने विभिन्न संयंत्रों और इकाइयों में विविध दायित्वों का निर्वहन किया है, जिससे उन्हें प्रचालन वित्तीय और वाणिज्यिक क्षेत्रों में व्यापक अनुभव प्राप्त हुआ है।


टीमों का निर्माण करना और प्रदर्शन को गति देना उनके करियर की प्रमुख विशेषता रही है। सेल के सीएमडी के रूप में कार्यभार संभालने के बाद, डॉ. पंडा ने कंपनी की तात्कालिक प्राथमिकताओं को रेखांकित करते हुए कहा, सेल अपनी क्षमता को 35 मिलियन टन प्रति वर्ष तक बढ़ाने के लिए विस्तार के अगले चरण की ओर अग्रसर है।
विस्तार के साथ-साथ, हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता सभी कार्यस्थलों पर सुरक्षा सुनिश्चित करना रहेगी। अपनी विकास आकांक्षाओं को पूरा करने लिए घरेलू खनन को बढ़ावा देने और विदेशी संपत्तियों की खोज के जरिये से कच्चे माल की सुरक्षा को मजबूत करना अत्यंत महत्वपूर्ण होगा। साथ ही, हम वैल्यू एडेड उत्पादों पर अधिक ध्यान केंद्रित करते हुए अपनी बाजार पहुंच बढ़ाने, अपने ब्रांड जुड़ाव को मजबूत करने और सभी हितधारकों के लिए निरंतर वैल्यू क्रियेशन सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
Anjali Sinha covers Jharkhand local news, breaking stories, and trending updates at Samridh Jharkhand. She focuses on ground reports, regional developments, and timely news coverage to keep readers informed with accurate and engaging stories. Passionate about journalism, she brings attention to stories that matter to the community.


