कोटालपोखर व बरहरवा में धूमधाम से निकलेगी भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा, तैयारियां पूरी, नगर पंचायत प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद
शुक्रवासिनी मंदिर और राधा-कृष्ण मंदिर से निकलेगी रथ यात्रा
बरहरवा और कोटालपोखर में 16 जुलाई को भगवान जगन्नाथ की पारंपरिक रथ यात्रा श्रद्धा और उल्लास के साथ निकाली जाएगी। शुक्रवासिनी मंदिर और राधा-कृष्ण मंदिर से भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और माता सुभद्रा की शोभायात्रा पूरे नगर का भ्रमण करेगी।
साहिबगंज: बरहरवा आषाढ़ शुक्ल द्वितीया के पावन अवसर पर गुरुवार, 16 जुलाई को बरहरवा और कोटालपोखर में भगवान जगन्नाथ की पारंपरिक रथ यात्रा श्रद्धा, आस्था और उत्साह के साथ निकाली जाएगी। रथ यात्रा को लेकर मंदिर समितियों ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। मंदिरों को आकर्षक ढंग से सजाया गया है और पूजा-अर्चना की तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया है। पूरे क्षेत्र में रथ यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।
बरहरवा के शुक्रवासिनी मंदिर से भगवान जगन्नाथ, भगवान बलभद्र और माता सुभद्रा की रथ यात्रा वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ प्रारंभ होगी। रथ गांव का भ्रमण करते हुए मनसा मंदिर के समीप पहुंचेगा, जहां परंपरा के अनुसार भगवान कुछ समय के लिए विराजमान रहेंगे। इस दौरान श्रद्धालु रथ की रस्सी खींचकर पुण्य लाभ प्राप्त करेंगे। पूरे मार्ग में भजन-कीर्तन, ढोल-नगाड़े और "जय जगन्नाथ" के जयघोष से माहौल भक्तिमय बना रहेगा।


प्रशासन अलर्ट, सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त
रथ यात्रा के शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर नगर पंचायत प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है। अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि यात्रा शुरू होने से पहले सभी नागरिक सुविधाएं और आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर ली जाएं।
थाना प्रभारी पवन कुमार ने बताया कि रथ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं और आम लोगों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। इसके लिए पुलिस बल की तैनाती, यातायात प्रबंधन और पूरे रूट पर लगातार निगरानी की व्यवस्था की गई है। सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करेंगे ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
Susmita Rani is a journalist and content writer associated with Samridh Jharkhand. She regularly writes and reports on grassroots news from Jharkhand, covering social issues, agriculture, administration, public concerns, and daily horoscopes. Her writing focuses on factual accuracy, clarity, and public interest.


