“घर-घर जलेगा दीप”: 21 जून से साहिबगंज जिला स्थापना महोत्सव की भव्य शुरुआत
नेहा राठौड़ से लेकर मुकुंद नायक तक होंगे शामिल
साहिबगंज जिले का 43वां स्थापना महोत्सव 21 और 22 जून 2026 को भव्य रूप से मनाया जाएगा। इसे लेकर एनआरपी सेंटर विद्यालय सभागार में आयोजन समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में दीपोत्सव, सांस्कृतिक कार्यक्रम, वाद-विवाद, चित्रकला और सम्मान समारोह जैसे कई आयोजनों पर चर्चा हुई।
साहिबगंज: जिले का 43वां स्थापना महोत्सव 2026 आगामी 21 और 22 जून को धूमधाम से मनाया जाएगा। इसे लेकर झारखण्ड राजभाषा साहित्य अकादमी एवं मनोरंजन भोजपुरी साहित्य परिषद के संयुक्त तत्वावधान में आयोजन समिति की महत्वपूर्ण बैठक एनआरपी सेंटर विद्यालय सभागार में संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता शिक्षाविद् मनोज कुमार झा ने की। मुख्य अतिथि दीपा देवी एवं विशिष्ट अतिथि वार्ड पार्षद वर्षा कुमारी रहीं। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया।
आयोजन प्रमुख सच्चिदानंद ने बताया कि जिला स्थापना महोत्सव की संभावित तिथि 21 एवं 22 जून 2026 निर्धारित की गई है। गौरतलब है कि गैर सरकारी स्तर पर स्थापना दिवस मनाने की शुरुआत वर्ष 2025 से की गई थी। पर्यावरणविद् एवं “जल मंच” के अध्यक्ष नवल कुमार झा ने कहा कि 1989 में जिला बनने के बाद साहिबगंज ने शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, पर्यावरण, कला और संस्कृति के क्षेत्र में निरंतर प्रगति की है। इससे राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर जिले की अलग पहचान बनी है।

झारखंड राजभाषा साहित्य अकादमी के सचिव डॉ. सच्चिदानंद ने बताया कि कार्यक्रम के लिए भोजपुरी लोक गायिका नेहा सिंह राठौर, लोक कलाकार मुकुंद नायक, रामकृष्ण मिशन के स्वामी गौतमनंदजी महाराज, विकास भारती के संस्थापक अशोक भगत, प्रसिद्ध लेखक नीलोतपाल मृणाल एवं संकल्प सृष्टि संस्थान कोलकाता के सचिव अविनाश कुमार गुप्ता से संपर्क किया जा रहा है। बैठक में कवि सम्मेलन आयोजित करने पर भी चर्चा हुई। भारतीय कला मंदिर के अध्यक्ष नवल किशोर ने कहा कि ऐसे आयोजन भावी पीढ़ी को जिले के विकास एवं इतिहास से जोड़ने का कार्य करते हैं।
जिला भूतपूर्व सैनिक संघ के संरक्षक सार्जेंट मेजर सेवानिवृत्त नागेंद्रनाथ साह ने गत वर्ष आयोजित स्थापना महोत्सव की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की परंपरा जिले की सांस्कृतिक पहचान को मजबूत करेगी। धन्यवाद ज्ञापन अधिवक्ता नीरज रामेश्वरम ने किया। बैठक में राहुल कुमार दूबे, अमित कुमार गुप्ता, विमल किशोर मुर्मू एवं श्वेता आनंद सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
Mohit Sinha is a writer associated with Samridh Jharkhand. He regularly covers sports, crime, and social issues, with a focus on player statements, local incidents, and public interest stories. His writing reflects clarity, accuracy, and responsible journalism.
