सरला बिरला विश्वविद्यालय ने शुरू किया 'हरित ग्राम अभियान', 17 दिनों में लगेंगे 5,000 पौधे
उन्नत भारत अभियान और NSS के संयुक्त तत्वावधान में शुरू हुआ अभियान
सरला बिरला विश्वविद्यालय, रांची ने उन्नत भारत अभियान (UBA) और राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के संयुक्त तत्वावधान में 'हरित ग्राम अभियान' की शुरुआत की। 17 दिवसीय इस अभियान के तहत विश्वविद्यालय के अंगीकृत गांवों और सड़क किनारे लगभग 5,000 पौधे लगाए जाएंगे।
रांची: सरला बिरला विश्वविद्यालय, रांची के उन्नत भारत अभियान (UBA) प्रकोष्ठ एवं राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई के संयुक्त तत्वावधान में विश्वविद्यालय द्वारा अंगीकृत गांव आरा में 'हरित ग्राम अभियान' का शुभारंभ किया गया। सत्रह दिवसीय पौधारोपण एवं पर्यावरण जागरूकता का यह अभियान 4 अगस्त तक चलेगा।
इस अभियान के अंतर्गत विश्वविद्यालय द्वारा अपने अंगीकृत गांवों—आरा, बड़ाम, सिलवई, महिलोंग एवं हरातू—सहित आरा गेट से महिलोंग तक सड़क किनारे लगभग पांच हजार पौधे लगाए जाएंगे। अभियान का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के साथ ही हरियाली की बढ़ोत्तरी तथा ग्रामीण समुदाय में पर्यावरण के प्रति जागरूक करना है।


उन्नत भारत अभियान के समन्वयक डॉ. मुकेश कुमार सिंह ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण तभी संभव है जब समाज का प्रत्येक व्यक्ति अपनी जिम्मेदारी को समझते हुए सक्रिय भागीदारी निभाए। अमित नाथ चरण ने कहा कि अभियान की वास्तविक सफलता केवल पौधे लगाने में नहीं, बल्कि उनकी नियमित देखभाल और संरक्षण सुनिश्चित करने में निहित है।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के शिक्षकगण, राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवक, छात्र-छात्राएं, ग्राम प्रतिनिधि तथा स्थानीय ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक पौधारोपण एवं पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रम में भाग लिया।
सरला बिरला विश्वविद्यालय के प्रतिकुलाधिपति बिजय कुमार दलान एवं राज्यसभा सांसद सह निदेशक प्लानिंग एंड डेवलपमेंट डॉ प्रदीप कुमार वर्मा ने सामुदायिक सहभागिता से जुड़े इस कार्यक्रम के सफल आयोजन पर आयोजक मंडली को शुभकामना संदेश प्रेषित किया है।
Mohit Sinha is a writer associated with Samridh Jharkhand. He regularly covers sports, crime, and social issues, with a focus on player statements, local incidents, and public interest stories. His writing reflects clarity, accuracy, and responsible journalism.


