आदिवासी अधिकारों और ज़मीन की सुरक्षा पर सरकार ले ठोस संकल्प: सुदेश महतो
सीएनटी और एसपीटी कानून से समझौता नहीं
विश्व आदिवासी दिवस पर आजसू सुप्रीमो सुदेश महतो ने राज्य सरकार को घेरते हुए कहा कि आदिवासी अधिकार सिर्फ भाषणों तक सीमित नहीं रहने चाहिए। उन्होंने सीएनटी, एसपीटी और पेसा कानूनों की सुरक्षा, स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन और पलायन रोकने के लिए सरकार से तीन स्पष्ट संकल्प लेने की मांग की।
रांची: विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश कुमार महतो ने राज्य के आदिवासी समाज को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आदिवासी अधिकार केवल एक दिन के समारोह और भाषणों तक सीमित नहीं हो सकते। आदिवासियों के जल, जंगल, जमीन, पहचान, भाषा, संस्कृति और संवैधानिक अधिकारों की रक्षा सरकार की जिम्मेदारी है।
महतो ने कहा कि आज आदिवासी समाज के सामने रोजगार, पलायन, विस्थापन, शिक्षा, स्वास्थ्य और जमीन की सुरक्षा जैसे गंभीर सवाल खड़े हैं। सरकार को इन सवालों पर केवल घोषणाएं नहीं, बल्कि धरातल पर परिणाम दिखाना होगा। विश्व आदिवासी दिवस पर सरकार को यह बताना चाहिए कि पिछले वर्षों में आदिवासी समाज की वास्तविक समस्याओं के समाधान के लिए क्या ठोस कदम उठाए गए हैं।

इन कानूनों की भावना के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जा सकता। ग्रामसभा और स्थानीय समुदायों की भूमिका को मजबूत करना सरकार की प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज को राजनीतिक मंचों पर सम्मान देने से ज्यादा जरूरी है, उन्हें निर्णय प्रक्रिया में वास्तविक भागीदारी देना।
आदिवासी युवाओं को रोजगार, गांवों में शिक्षा और स्वास्थ्य की बेहतर व्यवस्था तथा स्थानीय संसाधनों पर समुदाय की भागीदारी सुनिश्चित किए बिना आदिवासी विकास की बात अधूरी है।
सुदेश महतो ने कहा कि विश्व आदिवासी दिवस पर सरकार को तीन स्पष्ट संकल्प लेने चाहिए—आदिवासी अधिकारों और जमीन की सुरक्षा, युवाओं के लिए स्थानीय रोजगार का सृजन और मजबूरन होने वाले पलायन पर प्रभावी रोक।
उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज अब केवल भाषण नहीं, अपने अधिकारों का प्रभावी क्रियान्वयन चाहता है। आजसू पार्टी झारखंड आंदोलन की मूल भावना के अनुरूप जल, जंगल, जमीन, पहचान, सम्मान, रोजगार और सामाजिक न्याय के सवालों पर लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीके से मजबूती से आवाज उठाती रहेगी।
Anjali Sinha covers Jharkhand local news, breaking stories, and trending updates at Samridh Jharkhand. She focuses on ground reports, regional developments, and timely news coverage to keep readers informed with accurate and engaging stories. Passionate about journalism, she brings attention to stories that matter to the community.
Related Posts


Latest News







