सीसीएल मुख्यालय में अंतर-विभागीय शतरंज एवं कैरम प्रतियोगिता 2026-27 का आगाज, 102 खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा
मुख्य प्रबंधक (वित्त) संजय कुमार सिंह ने किया उद्घाटन
सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) मुख्यालय में द्वि-दिवसीय अंतर-विभागीय शतरंज एवं कैरम प्रतियोगिता 2026-27 का शुभारंभ मुख्य प्रबंधक (वित्त) संजय कुमार सिंह ने किया। प्रतियोगिता में कुल 102 कर्मचारियों ने भाग लिया, जिनमें शतरंज के 33 और कैरम के 69 प्रतिभागी शामिल हैं।
रांची: सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड मुख्यालय में सोमवार को द्वि-दिवसीय अंतर-विभागीय शतरंज एवं कैरम प्रतियोगिता 2026-27 का शुभारंभ मुख्य अतिथि श्री संजय कुमार सिंह, मुख्य प्रबंधक (वित्त) द्वारा किया गया। उद्घाटन अवसर पर उन्होंने श्री आदिल हुसैन, प्रबंधक (खेल) के साथ शतरंज की पहली चाल चलकर प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ किया।
इस अवसर पर अपने संबोधन में श्री संजय कुमार सिंह ने कहा कि खेल केवल शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाने का माध्यम ही नहीं हैं, बल्कि टीम भावना, अनुशासन, एकाग्रता तथा स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को भी प्रोत्साहित करते हैं। उन्होंने कहा कि कार्य की व्यस्तता के बीच इस प्रकार की खेल प्रतियोगिताएं कर्मचारियों में मानसिक शांति, सकारात्मक ऊर्जा तथा कार्यक्षमता का संचार करती हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए शुभकामनाएं दीं।


इस द्वि-दिवसीय अंतर-विभागीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का चयन आगामी 'सीसीएल अंतर-क्षेत्रीय शतरंज एवं कैरम प्रतियोगिता 2026-27' में सीसीएल मुख्यालय टीम का प्रतिनिधित्व करने के लिए किया जाएगा। प्रतियोगिता का समापन एवं फाइनल मुकाबले मंगलवार को आयोजित किए जाएंगे।
प्रतियोगिता के सफल आयोजन में सीसीएल कल्याण विभाग की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
Susmita Rani is a journalist and content writer associated with Samridh Jharkhand. She regularly writes and reports on grassroots news from Jharkhand, covering social issues, agriculture, administration, public concerns, and daily horoscopes. Her writing focuses on factual accuracy, clarity, and public interest.


