Deoghar News: नगर निगम में मनाया गया 'नमस्ते दिवस', सफाई मित्रों को वितरित की गई पीपीई किट
उत्कृष्ट सफाई कर्मियों को मिला 'बेस्ट सफाई मित्र' सम्मान
देवघर नगर निगम में 'नमस्ते दिवस' पर सफाई मित्रों को PPE किट बांटकर और उत्कृष्ट कार्य के लिए 'बेस्ट सफाई मित्र सम्मान' देकर सम्मानित किया गया, साथ ही नगर आयुक्त ने सुरक्षा उपकरणों के नियमित उपयोग का संदेश दिया।
देवघर: नगर विकास विभाग के निर्देश पर मंगलवार को देवघर नगर निगम कार्यालय परिसर में 'नमस्ते दिवस' का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य शहर की स्वच्छता व्यवस्था में अहम भूमिका निभाने वाले सफाई मित्रों का सम्मान करना तथा उनकी सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। इस अवसर पर नगर निगम एवं एमएसडब्ल्यूएम (MSWM) सफाई एजेंसी के सफाई मित्रों के बीच पीपीई (PPE) किट का वितरण किया गया।
कार्यक्रम में नगर आयुक्त ने सफाई मित्रों को टी-शर्ट, रिफ्लेक्टिव जैकेट, मास्क और हैंड ग्लव्स वितरित करते हुए कहा कि शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने में सफाई कर्मियों का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी सफाई मित्रों से सफाई कार्य के दौरान पीपीई किट का नियमित उपयोग करने की अपील की, ताकि वे संक्रमण और दुर्घटनाओं से सुरक्षित रह सकें।


कार्यक्रम के दौरान नगर विकास विभाग द्वारा प्रसारित 'नमस्ते दिवस' के लाइव कार्यक्रम का भी प्रदर्शन किया गया, जिसमें सफाई मित्रों को सुरक्षा और स्वच्छता से जुड़े महत्वपूर्ण संदेश दिए गए। अंत में सभी सफाई मित्रों के बीच नाश्ता एवं अल्पाहार वितरित किया गया। यह आयोजन सम्मान, सुरक्षा और संवेदनशीलता का संदेश देने के साथ सफाई मित्रों के लिए यादगार साबित हुआ।
Anjali Sinha covers Jharkhand local news, breaking stories, and trending updates at Samridh Jharkhand. She focuses on ground reports, regional developments, and timely news coverage to keep readers informed with accurate and engaging stories. Passionate about journalism, she brings attention to stories that matter to the community.


