गढ़वा में आभूषण दुकान से टप्पेबाजी: पलामू चेंबर ऑफ कॉमर्स ने DIG से की मुलाकात, कार्रवाई की मांग
200 ग्राम सोना लेकर फरार टप्पेबाज, व्यापारियों में रोष
गढ़वा के पुरानी बाजार स्थित ‘नरेश बाबू सर्राफ’ आभूषण दुकान में 21 फरवरी 2026 को टप्पेबाजी की बड़ी घटना सामने आई, जिसमें लगभग 200 ग्राम सोने के जेवर चोरी हो गए। अपराधियों ने दुकान संचालकों को बातों में उलझाकर वारदात को अंजाम दिया।
पलामू : पलामू जिला व्यवसाय संघ और डालटनगंज चेंबर ऑफ कॉमर्स के एक प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को पलामू रेंज के डीआईजी कौशल किशोर से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने गढ़वा में चेंबर के संयुक्त सचिव अनूप कुमार सोनी के पारिवारिक प्रतिष्ठान में हुई बड़ी चोरी (टप्पेबाजी) के मामले में ज्ञापन सौंपकर त्वरित कार्रवाई की मांग की।
क्या है पूरा मामला?
बीते 21 फरवरी 2026 को गढ़वा के पुरानी बाजार स्थित ‘नरेश बाबू सर्राफ’ नामक प्रतिष्ठान में अज्ञात अपराधियों ने टप्पेबाजी की घटना को अंजाम दिया।

इस घटना में अपराधी दुकान से लगभग 200 ग्राम सोने के जेवर लेकर फरार हो गए।
इस संबंध में गढ़वा थाने में प्राथमिकी (एफआईआर) दर्ज कराई जा चुकी है, लेकिन अब तक अपराधियों का कोई सुराग नहीं मिल पाया है।
DIG ने दिया विशेष टीम गठन का आश्वासन
व्यवसायियों की चिंता को गंभीरता से लेते हुए डीआईजी पलामू ने आश्वासन दिया कि मामले के उद्भेदन के लिए जल्द ही एक विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पलामू और गढ़वा जिलों में हाल के दिनों में हुई इस प्रकार की सभी घटनाओं का शीघ्र खुलासा कर अपराधियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
