Palamu News: शिकायत के बाद ताराचक विद्यालय की जांच, स्कूल में मिली कई गंभीर अनियमितताएं
ग्रामीणों की शिकायत के बाद प्रशासन ने की विद्यालय की जांच
सेमरबार पंचायत के राजकीय उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय, ताराचक में ग्रामीणों की शिकायत के बाद प्रशासनिक जांच में कई गंभीर अनियमितताएं सामने आई हैं। निरीक्षण के दौरान विद्यालय में एक भी छात्र उपस्थित नहीं मिला, जबकि उपस्थिति पंजी में पिछले दो माह से छात्रों की हाजिरी दर्ज नहीं थी। नामांकन पंजी भी उपलब्ध नहीं कराया गया।
पलामू: सेमरबार पंचायत अंतर्गत राजकीय उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय, ताराचक में ग्रामीणों द्वारा की गई शिकायत के बाद हुई प्रशासनिक जांच में कई गंभीर अनियमितताएं उजागर हुई हैं। प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) पारितोष प्रियदर्शी के निर्देश पर प्रखंड कल्याण पदाधिकारी अजीत कुमार ने विद्यालय का निरीक्षण किया, जिसमें शैक्षणिक व्यवस्था और अभिलेखों में कई खामियां सामने आईं।
उल्लेखनीय है कि कुछ दिन पूर्व ग्रामीणों ने बीडीओ को आवेदन देकर विद्यालय में छात्रों की उपस्थिति, पठन-पाठन एवं शैक्षणिक व्यवस्था में अनियमितता का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की थी। शिकायत के आधार पर प्रशासन ने विद्यालय की जांच कराई।










