Koderma News: मॉडर्न पब्लिक स्कूल में धूमधाम से मनाया गया 12वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस
छात्र-छात्राओं और शिक्षक-शिक्षिकाओं ने उत्साहपूर्वक किया योगाभ्यास
झुमरी तिलैया स्थित मॉडर्न पब्लिक स्कूल में "योग से स्वस्थ जीवन - एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य" की थीम पर 12वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया गया। योग गुरु आकाश और ईशा गुप्ता के विधिक मार्गदर्शन में छात्र-छात्राओं व शिक्षकों ने विभिन्न आसनों का अभ्यास कर स्वस्थ जीवन शैली का संकल्प लिया।
कोडरमा: मॉडर्न पब्लिक स्कूल, झुमरी तिलैया में '12वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस' बड़े ही हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया। इस वर्ष योग दिवस "योग से स्वस्थ जीवन - एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य" की थीम पर आधारित रहा। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के सभागार में दीप प्रज्वलन से हुई। इसके पश्चात विद्यालय के छात्र-छात्राओं, शिक्षक-शिक्षिकाओं और प्रबंधन समिति ने उत्साहपूर्वक सामूहिक योगाभ्यास किया।
समारोह में योग गुरु आकाश और ईशा गुप्ता ने सभी बच्चों और शिक्षकों को योगाभ्यास कराया। 'कॉमन योग प्रोटोकॉल' के अनुसार ताड़ासन, वृक्षासन, त्रिकोणासन, भुजंगासन, शशांकासन, मकरासन सहित विभिन्न प्राणायाम व ध्यान का अभ्यास कराया गया। योग प्रशिक्षिका ईशा गुप्ता ने सभी आसनों को करने की सही विधि बताई और उनसे होने वाले शारीरिक व मानसिक लाभों की जानकारी दी।


विद्यालय की निर्देशिका संगीता शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि योग हमें अनुशासन और एकाग्रता सिखाता है। एक स्वस्थ बच्चा ही देश का स्वर्णिम भविष्य बन सकता है। उन्होंने अभिभावकों से भी अपील की कि वे घर पर बच्चों के साथ योग करें और इसे एक अच्छी आदत के रूप में विकसित करें।
कार्यक्रम के अंत में सभागार में मौजूद सभी लोगों ने "स्वयं के लिए योग, समाज के लिए योग" का सामूहिक संकल्प लिया। समारोह का समापन 'सर्वे भवन्तु सुखिनः' के पवित्र मंत्रोच्चार तथा राष्ट्रगान के साथ हुआ। इस मौके पर विद्यालय के सभी छात्र-छात्राएं, शिक्षक और शिक्षिकाएं मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
Kumar Ramesham is associated with Samridh Jharkhand and actively covers local news, public issues, social developments, and important updates from Jharkhand and nearby regions. He focuses on delivering timely, factual, and community-centered reporting with an emphasis on accuracy and reliability.
Related Posts

Latest News

