Hazaribagh News: पुलिस अधीक्षक ने अपराध समीक्षा बैठक में लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन के दिए निर्देश
आम जनता के बीच पुलिस की विश्वसनीयता बढ़ाने पर बल
हजारीबाग के पुलिस अधीक्षक ने जिला स्तरीय बैठक में महिला व पॉक्सो अपराधों को 60 दिनों में सुलझाने, साप्ताहिक थाना दिवस के जरिए भूमि विवाद निपटाने और अवैध उत्खनन पर पूर्ण रोक लगाने के कड़े निर्देश दिए हैं।
हजारीबाग: पुलिस अधीक्षक हजारीबाग ने शुक्रवार को जिले के सभी पुलिस उपाधीक्षकों, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों, पुलिस निरीक्षकों एवं थाना प्रभारियों के साथ अपराध समीक्षा बैठक कर कानून-व्यवस्था, लंबित मामलों के निष्पादन तथा अपराध नियंत्रण को लेकर कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए। बैठक में आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने, महिला सुरक्षा, साइबर अपराध, अवैध खनन और मादक पदार्थों के खिलाफ सख्त कार्रवाई पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक की शुरुआत में पुलिस अधीक्षक ने बकरीद एवं मुहर्रम जैसे संवेदनशील पर्वों को जिले में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी पुलिस अधिकारियों एवं जवानों की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी। साथ ही आगामी सभी त्योहारों में भी इसी प्रकार सतर्कता एवं समन्वय के साथ विधि-व्यवस्था बनाए रखने का निर्देश दिया। इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस पदाधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित भी किया गया।


एसपी ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिया कि जमानती एवं गैर-जमानती वारंट, इश्तेहार और कुर्की-जब्ती के लंबित मामलों के निष्पादन के लिए विशेष अभियान चलाया जाए। साथ ही प्रत्येक सप्ताह थाना दिवस आयोजित कर स्थानीय अंचलाधिकारी के साथ जमीन विवादों का त्वरित समाधान किया जाए। थाना दिवस के दौरान साइबर अपराध, महिला सुरक्षा एवं सड़क सुरक्षा को लेकर आम नागरिकों के बीच जागरूकता अभियान भी चलाने के निर्देश दिए गए।
बैठक में अवैध मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री करने वाले स्थानों को चिन्हित कर विशेष अभियान चलाने तथा इसमें शामिल आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। वहीं संगठित अपराध गिरोहों, अवैध खनन में संलिप्त व्यक्तियों तथा सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वालों के खिलाफ सीसीए, थाना हाजिरी एवं गुंडा पंजी की कार्रवाई का प्रस्ताव भेजने को कहा गया।
पुलिस अधीक्षक ने अवैध कोयला, बालू एवं पत्थर के उत्खनन पर पूर्ण रोक लगाने के लिए संबंधित अंचल अधिकारियों एवं जिला खनन पदाधिकारी के साथ समन्वय स्थापित कर संयुक्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही साइबर अपराध से जुड़े लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन एवं आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने पर भी विशेष बल दिया गया।
सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि थानों में आने वाले आम नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुनकर उनका समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करें। इसके अलावा पिछले पांच वर्षों में जेल से बाहर आए अपराधियों की सूची तैयार कर उनकी गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखने तथा आवश्यकता पड़ने पर कानूनी कार्रवाई करने का भी निर्देश दिया गया।
बैठक में स्पष्ट किया गया कि अपराध नियंत्रण, जनता की सुरक्षा, महिला एवं बच्चों के खिलाफ अपराधों की रोकथाम तथा कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए जिले में लगातार विशेष अभियान चलाए जाएंगे। पुलिस अधीक्षक ने सभी अधिकारियों को टीम भावना के साथ कार्य करते हुए जनता के बीच पुलिस की विश्वसनीयता और विश्वास को और मजबूत करने का आह्वान किया।
Anjali Sinha covers Jharkhand local news, breaking stories, and trending updates at Samridh Jharkhand. She focuses on ground reports, regional developments, and timely news coverage to keep readers informed with accurate and engaging stories. Passionate about journalism, she brings attention to stories that matter to the community.


