Hazaribagh News: एसबीआई मुख्य शाखा में वरिष्ठ नागरिकों के लिए विधिक जागरूकता शिविर आयोजित
डीएलएसए सचिव डॉ. रवि प्रकाश तिवारी ने दी जानकारी
हजारीबाग डीएलएसए के तत्वावधान में एसबीआई की मुख्य शाखा में वरिष्ठ नागरिकों के लिए विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। प्रधान जिला जज ध्रुव चंद्र मिश्रा के मार्गदर्शन में आयोजित इस शिविर में बुजुर्गों को भरण-पोषण अधिनियम और नालसा हेल्पलाइन 15100 की विस्तृत जानकारी दी गई।
हजारीबाग: झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, रांची के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डीएलएसए), हजारीबाग के तत्वावधान में बुधवार को भारतीय स्टेट बैंक की मुख्य शाखा स्थित वरिष्ठजन सहायता एवं सुविधा केंद्र में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश धुव्र चंद्र मिश्रा के मार्गदर्शन एवं देखरेख में किया गया। इसकी जानकारी जिला विधिक सेवा प्राधिकार, हजारीबाग के सचिव डॉ. रवि प्रकाश तिवारी ने दी।
शिविर में जिला विधिक सेवा प्राधिकार के अधिकार मित्र बिकाश कुमार पाण्डेय ने वरिष्ठ नागरिकों एवं आमजनों को उनके कानूनी अधिकारों, संरक्षण, कल्याणकारी योजनाओं तथा निःशुल्क विधिक सहायता से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान कीं। उन्होंने उपस्थित लोगों को माता-पिता एवं वरिष्ठ नागरिक भरण-पोषण तथा कल्याण अधिनियम, 2007 के विभिन्न प्रावधानों के बारे में विस्तार से बताया और कहा कि वरिष्ठ नागरिकों को सम्मानपूर्वक जीवन जीने का अधिकार प्राप्त है, जिसके संरक्षण के लिए कानून में विशेष प्रावधान किए गए हैं।


कार्यक्रम के अंत में लोगों से अपील की गई कि किसी भी प्रकार की कानूनी समस्या, अधिकारों के हनन अथवा निःशुल्क विधिक सहायता की आवश्यकता होने पर वे जिला विधिक सेवा प्राधिकार, हजारीबाग से संपर्क कर उपलब्ध सेवाओं का लाभ उठाएं। शिविर में बड़ी संख्या में वरिष्ठ नागरिक, बैंक ग्राहक एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
Anjali Sinha covers Jharkhand local news, breaking stories, and trending updates at Samridh Jharkhand. She focuses on ground reports, regional developments, and timely news coverage to keep readers informed with accurate and engaging stories. Passionate about journalism, she brings attention to stories that matter to the community.


