Dhanbad News: आधी रात को कोयला डंपिंग एरिया में घुसा पेलोडर, CISF ने चालक को दबोचा
स्थानीय लोग अवैध कोयला कारोबार पर उठा रहे सवाल
बाघमारा के मधुबन थाना क्षेत्र अंतर्गत बीसीसीएल गोविंदपुर एरिया-3 स्थित महेशपुर कोलियरी में मंगलवार देर रात एक पेलोडर के बिना अनुमति कोयला डंपिंग एरिया में घुसने से हड़कंप मच गया।
धनबाद: मधुबन थाना क्षेत्र अंतर्गत बीसीसीएल गोविंदपुर एरिया-3 की महेशपुर कोलियरी स्थित श्री इंफ्रा आउटसोर्सिंग कंपनी के कोयला डंपिंग एरिया में मंगलवार देर रात संदिग्ध परिस्थितियों में एक पेलोडर के प्रवेश का मामला प्रकाश में आया है। घटना रात करीब 1:30 बजे की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, पेलोडर वाहन संख्या जेएच 10 एआर 6936 बिना अनुमति के आउटसोर्सिंग कंपनी के डंपिंग एरिया में प्रवेश कर गया। डंपिंग यार्ड में तैनात सीआईएसएफ जवानों की नजर जैसे ही वाहन पर पड़ी, उन्होंने तुरंत कार्रवाई करते हुए पेलोडर को कब्जे में ले लिया तथा चालक को पकड़ लिया। बाद में वाहन और चालक को मधुबन पुलिस के हवाले कर दिया गया।


लोग सवाल उठा रहे हैं कि आखिर आधी रात को कोयला डंपिंग एरिया में बिना अनुमति पेलोडर किस उद्देश्य से पहुंचा था?
इधर, वाहन चालक की पहचान तेतुलिया साइडिंग निवासी अबिल खान के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कोयला क्षेत्र में अवैध कारोबार का नेटवर्क इतना मजबूत हो चुका है कि अब इसमें सिर्फ धंधेबाज ही नहीं, बल्कि प्रभावशाली लोगों और जनप्रतिनिधियों के करीबी लोगों के नाम भी सामने आने लगे हैं।
घटना के बाद कोयलांचल में एक बार फिर अवैध कोयला कारोबार और उससे जुड़े राजनीतिक संरक्षण को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। अब देखना यह है कि पुलिस इस मामले में निष्पक्ष कार्रवाई करती है या मामला सिर्फ जांच तक सीमित रह जाएगा।
Mohit Sinha is a writer associated with Samridh Jharkhand. He regularly covers sports, crime, and social issues, with a focus on player statements, local incidents, and public interest stories. His writing reflects clarity, accuracy, and responsible journalism.


