शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल की बड़ी लापरवाही उजागर, धक्के के सहारे चल रही 108 एंबुलेंस
35 में से 20 से अधिक एंबुलेंस की बैटरियां खराब
हजारीबाग के शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल की 108 एंबुलेंस सेवा बदहाली का शिकार हो गई है। जानकारी के अनुसार अस्पताल में संचालित 35 एंबुलेंस में से 20 से अधिक की बैटरियां खराब हैं, जिसके कारण कई वाहन स्टार्ट ही नहीं हो पा रहे हैं।
हजारीबाग: जिले के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल, शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल की स्वास्थ्य व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है। मरीजों की जान बचाने और आपातकालीन सेवा उपलब्ध कराने वाली 108 एंबुलेंस सेवा खुद बदहाली का शिकार हो चुकी है। अस्पताल परिसर में कई एंबुलेंस धक्के के सहारे चालू की जा रही हैं, जिससे स्वास्थ्य विभाग की तैयारियों और रखरखाव व्यवस्था की पोल खुल गई है।
जानकारी के अनुसार, अस्पताल में संचालित 35 एंबुलेंस में से 20 से अधिक वाहनों की बैटरियां खराब बताई जा रही हैं। हालत यह है कि कई एंबुलेंस स्टार्ट ही नहीं हो पा रही हैं। जरूरत पड़ने पर कर्मियों और चालकों को धक्का लगाकर एंबुलेंस चालू करनी पड़ रही है। ऐसे में आपातकालीन स्थिति में मरीजों को समय पर इलाज के लिए ले जाना बड़ी चुनौती बन गया है।

स्वास्थ्य विशेषज्ञों का मानना है कि 108 एंबुलेंस सेवा किसी भी सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था की रीढ़ मानी जाती है। दुर्घटना, गंभीर बीमारी या प्रसव जैसी आपात स्थितियों में यही सेवा मरीजों के लिए जीवनदायिनी साबित होती है, लेकिन जब एंबुलेंस ही समय पर नहीं चले, तो मरीजों की जान जोखिम में पड़ सकती है।
Mohit Sinha is a writer associated with Samridh Jharkhand. He regularly covers sports, crime, and social issues, with a focus on player statements, local incidents, and public interest stories. His writing reflects clarity, accuracy, and responsible journalism.
