Hazaribagh News: राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 पर दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर संपन्न
गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर दिया गया विशेष जोर
हजारीबाग के जीएम इंटर महाविद्यालय में एनईपी 2020 और जे. गुरुजी ऐप के क्रियान्वयन को लेकर दो दिवसीय शिक्षक प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया। प्राचार्य शंभू कुमार की उपस्थिति में हुए इस कार्यक्रम में डॉ. पुरुषोत्तम सिंह और गगन कुमार ने शिक्षकों को ई-विद्यावाहिनी, वोकेशनल कोर्स और आधुनिक शिक्षण पद्धतियों की जानकारी दी।
हजारीबाग: जीएम इंटर महाविद्यालय में राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) 2020 के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का सफल आयोजन किया गया। प्रशिक्षण शिविर का उद्देश्य शिक्षकों को नई शिक्षा नीति के विभिन्न आयामों से अवगत कराना तथा विद्यालय एवं महाविद्यालय स्तर पर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को बढ़ावा देना था।
प्रशिक्षण शिविर के दौरान राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के सभी महत्वपूर्ण पहलुओं पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। साथ ही शिक्षकों को जे. गुरुजी ऐप के अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की जानकारी भी प्रदान की गई। इसमें रेल प्रोजेक्ट, ई-विद्यावाहिनी, उल्लास कार्यक्रम, वोकेशनल कोर्स, टीचर नोट्स सहित अन्य शैक्षणिक गतिविधियों एवं संसाधनों के उपयोग की विस्तृत जानकारी दी गई।


प्राचार्य शंभू कुमार ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 शिक्षा व्यवस्था में व्यापक परिवर्तन लाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम शिक्षकों को नई चुनौतियों और अवसरों के अनुरूप तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने आशा व्यक्त की कि प्रशिक्षण से प्राप्त ज्ञान का लाभ विद्यार्थियों तक पहुंचेगा और उनकी शिक्षा की गुणवत्ता में सकारात्मक सुधार होगा।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर प्राचार्य शंभू कुमार ने सभी प्रशिक्षकों, शिक्षकों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया। धन्यवाद ज्ञापन के साथ दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का विधिवत समापन किया गया।
Anjali Sinha covers Jharkhand local news, breaking stories, and trending updates at Samridh Jharkhand. She focuses on ground reports, regional developments, and timely news coverage to keep readers informed with accurate and engaging stories. Passionate about journalism, she brings attention to stories that matter to the community.


