गिरिडीह में देह व्यापार का भंडाफोड़, 2 नाबालिग लड़कियां मुक्त, 3 गिरफ्तार
एसपी डॉ. बिमल कुमार के निर्देश पर SIT ने की कार्रवाई
गिरिडीह के पचंबा थाना क्षेत्र स्थित बोड़ो में पुलिस ने देह व्यापार के बड़े रैकेट का खुलासा किया है। एसपी डॉ. बिमल कुमार के निर्देश पर गठित एसआईटी ने छापेमारी कर दो नाबालिग लड़कियों को मुक्त कराया और सरगना महिला समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरिडीह: गिरिडीह पुलिस ने पचंबा थाना क्षेत्र के बोड़ो में चल रहे देह व्यापार के एक बड़े रैकेट का भंडाफोड़ करते हुए दो नाबालिग लड़कियों को मुक्त कराया है। पुलिस ने इस मामले में गिरोह की सरगना महिला समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान एक लाल रंग की ब्रेजा कार भी जब्त की गई है, जिसका इस्तेमाल देह व्यापार में किया जा रहा था।
पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि बोड़ो स्थित एक किराये के मकान में नाबालिग लड़कियों को डरा-धमकाकर देह व्यापार कराया जा रहा है। सूचना के बाद डीएसपी आर.के. राणा के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया।

गिरफ्तार आरोपी
- क्रांति देवी, ग्राम बलिया बेड़ा, गिरिडीह
- मो. तौफिक अंसारी, ग्राम अहारडीह, गांडेय
- मुशरफ अंसारी, ग्राम घाटकुल, गांडेय
पुलिस ने घटनास्थल से एक लाल रंग की ब्रेजा कार जब्त की है। कार्रवाई में डीएसपी आर.के. राणा, इंस्पेक्टर ज्ञान रंजन कुमार, थाना प्रभारी राजीव कुमार समेत कई पुलिसकर्मी शामिल थे।
इस मामले पर एसपी डॉ. बिमल कुमार ने कहा कि जिले में महिला एवं बच्चों के खिलाफ अपराध पर “जीरो टॉलरेंस” की नीति अपनाई गई है। उन्होंने कहा कि मानव तस्करी और देह व्यापार जैसे अपराध में शामिल लोगों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
Mohit Sinha is a writer associated with Samridh Jharkhand. He regularly covers sports, crime, and social issues, with a focus on player statements, local incidents, and public interest stories. His writing reflects clarity, accuracy, and responsible journalism.
