Giridih News: गावां के डुमरझारा में अवैध महुआ शराब भट्टी ध्वस्त, सैकड़ों लीटर जावा महुआ नष्ट
अवैध शराब कारोबारियों के बीच मचा हड़कंप
गिरिडीह के गावां थाना क्षेत्र स्थित डुमरझारा में पुलिस ने छापेमारी कर अवैध महुआ शराब भट्टी को ध्वस्त करते हुए भारी मात्रा में जावा महुआ नष्ट किया। एसडीपीओ अमरेंद्र कुमार ने चेतावनी दी कि अवैध शराब निर्माण, परिवहन व वन संपदा को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।
गिरिडीह: गावां प्रखंड के विभिन्न ग्रामीण और वन क्षेत्रों में अवैध महुआ शराब निर्माण के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में खोरीमहुआ एसडीपीओ अमरेंद्र कुमार के नेतृत्व में गावां एवं लोकाय-नयनपुर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने गावां थाना क्षेत्र के डुमरझारा गांव में सोमर साव के घर संचालित अवैध महुआ शराब भट्टी पर छापेमारी की।
कार्रवाई के दौरान महुआ शराब निर्माण में प्रयुक्त सभी उपकरणों को नष्ट कर दिया गया। साथ ही सैकड़ों लीटर तैयार महुआ शराब एवं बड़ी मात्रा में जावा महुआ को भी नष्ट किया गया। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध शराब कारोबारियों के बीच हड़कंप मच गया है।

स्थानीय लोगों के अनुसार पूर्व में भी वन विभाग, पुलिस और उत्पाद विभाग द्वारा संयुक्त एवं अलग-अलग अभियानों के माध्यम से कई अवैध शराब भट्टियों को ध्वस्त किया गया था। इसके बावजूद कुछ क्षेत्रों में यह कारोबार फिर से सक्रिय होने की चर्चा है।
वन विभाग चलाएगा विशेष अभियान
गावां वन प्रक्षेत्र पदाधिकारी अनिल कुमार ने कहा कि वन संपदा को नुकसान पहुंचाने वालों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि विभाग को जहां भी ऐसी गतिविधियों की जानकारी मिलेगी, वहां जांच कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही संबंधित क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाने की भी तैयारी की जा रही है।
पुलिस ने दी कड़ी कार्रवाई की चेतावनी
खोरीमहुआ एसडीपीओ अमरेंद्र कुमार ने कहा कि अवैध शराब के खिलाफ अभियान शुरू कर दिया गया है। डुमरझारा में की गई कार्रवाई इसी अभियान का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में संचालित अन्य अवैध शराब भट्टियों को भी चिन्हित कर नष्ट किया जाएगा तथा निर्माण, भंडारण और परिवहन में शामिल लोगों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासनिक कार्रवाई पर टिकी लोगों की नजर
क्षेत्र के लोगों का मानना है कि वन विभाग, उत्पाद विभाग और पुलिस यदि समन्वित तरीके से अभियान चलाएं तो अवैध शराब के इस नेटवर्क पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकता है। फिलहाल डुमरझारा में हुई कार्रवाई के बाद लोगों की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि प्रशासन अन्य क्षेत्रों में कब और कितनी प्रभावी कार्रवाई करता है।
Anjali Sinha covers Jharkhand local news, breaking stories, and trending updates at Samridh Jharkhand. She focuses on ground reports, regional developments, and timely news coverage to keep readers informed with accurate and engaging stories. Passionate about journalism, she brings attention to stories that matter to the community.
Related Posts


Latest News







