पेपर लीक मामलों की CBI से निष्पक्ष जांच की मांग, देवेंद्र नाथ महतो के नेतृत्व में दुमका में रैली
दुमका में JPSC और JSSC भर्ती परीक्षाओं में कथित धांधली, पेपर लीक और नियुक्तियों में अनियमितताओं के खिलाफ छात्रों और बेरोजगार युवाओं ने रैली निकाली। देवेंद्र नाथ महतो ने पिछले पेपर लीक मामलों की CBI से निष्पक्ष जांच और लंबित नियुक्तियों के लिए स्पष्ट परीक्षा कैलेंडर जारी करने की मांग की।
दुमका। जेपीएससी और जेएसएससी की भर्ती परीक्षाओं में कथित धांधली, पेपर लीक और नियुक्तियों में अनियमितताओं के विरोध में शुक्रवार को छात्र व बेरोजगार युवकों ने आक्रोश जताया। आंदोलनकारी छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो के नेतृत्व में एसपी कॉलेज परिसर से भर्ती व्यवस्था यात्रा एवं रैली निकाली।
इसमें जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे छात्र-छात्राओं और बेरोजगार युवाओं ने हिस्सा लिया। रैली में शामिल छात्र हाथों में बैनर और पोस्टर लेकर भ्रष्टाचार मुक्त भर्ती व्यवस्था लागू करो, पेपर लीक बंद करो” सहित कई नारे लगाते हुए चल रहे थे।उन्हाेंने कहा कि किसान और मजदूर परिवारों के बच्चे आर्थिक कठिनाइयों के बावजूद कर्ज लेकर पढ़ाई करते हैं और वर्षों तक प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं। रात-दिन मेहनत करने के बाद जब परीक्षा की घड़ी आती है, तो प्रश्नपत्र लीक होने की खबरें सामने आने से उनकी मेहनत और उम्मीद दोनों पर पानी फिर जाता है। उन्होंने कहा कि ऐसी व्यवस्था से छात्रों में लगातार निराशा और आक्रोश बढ़ रहा है।
महतो ने सरकार से मांग की कि पिछले वर्षों में सामने आए सभी पेपर लीक मामलों की सीबीआई से निष्पक्ष जांच कराई जाए। इसके अलावा लंबित नियुक्ति प्रक्रियाओं को जल्द पूरा करने के लिए स्पष्ट परीक्षा कैलेंडर जारी किया जाए। पेपर लीक और भर्ती घोटालों में शामिल दोषी माफियाओं एवं संबंधित अधिकारियों पर कठोर कार्रवाई की जाए।
नियुक्तियों में झारखंड के स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता दी जाए। उन्हाेंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सरकार ने जल्द ठोस कदम नहीं उठाया तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। जरूरत पड़ी तो राज्य के सभी जिलों में भर्ती व्यवस्था यात्रा निकाली जाएगी और छात्रों की आवाज को मजबूती से उठाया जाएगा।
रैली में राजीव बास्की, मनोज यादव, निरंजन मुर्मू, राजेंद्र मुर्मू, सूरज सोरेन व मनोज मरांडी सहित अन्य शामिल थे।
Samridh Media Desk is the official editorial and news publishing team of Samridh Jharkhand. The desk covers breaking news, politics, national and international affairs, Jharkhand and Bihar updates, crime, business, and trending stories with a focus on accuracy, credibility, and timely reporting. Dedicated to quality journalism, Samridh Media Desk delivers reliable and impactful news coverage that keeps readers informed.





