बीसीसीएल की पहलः रिटेल सेल्स एग्जीक्यूटिव प्रशिक्षण कार्यक्रम का भव्य उद्घाटन
युवाओं को रिटेल सेल्स, संचार कौशल और डिजिटल साक्षरता का मिलेगा प्रशिक्षण
धनबाद में बीसीसीएल की सीएसआर पहल के तहत कीर्ति ट्रस्ट के सहयोग से ‘रिटेल सेल्स एग्जीक्यूटिव ट्रेनिंग प्रोग्राम’ का शुभारंभ किया गया। इस कार्यक्रम के माध्यम से 250 युवाओं को नि:शुल्क व्यावसायिक प्रशिक्षण देकर रोजगार के अवसरों से जोड़ा जाएगा।
- 250 युवाओं को मिलेगा नि:शुल्क व्यावसायिक प्रशिक्षण
- आवश्यकता पड़ने पर 500 और युवाओं को जोड़ा जाएगा: रमैया
- बीसीसीएल के निदेशक (कार्मिक) एमके रमैया ने किया प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्घाटन
- महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण पर विशेष जोर
- बीसीसीएल की सीएसआर पहल और कीर्ति ट्रस्ट का संयुक्त प्रयास
धनबाद: भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (बीसीसीएल) की कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) पहल के अंतर्गत तथा कीर्ति ट्रस्ट के सहयोग से आज धनबाद के एसएसएलएनटी महिला महाविद्यालय ऑडिटोरियम में 'रिटेल सेल्स एग्जीक्यूटिव ट्रेनिंग प्रोग्राम' के उद्घाटन समारोह का भव्य आयोजन किया गया। इस महत्वाकांक्षी कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र के 250 जरूरतमंद एवं प्रतिभाशाली युवाओं को नि:शुल्क व्यावसायिक प्रशिक्षण प्रदान कर उन्हें रोजगार की मुख्यधारा से जोड़ना है।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में बीसीसीएल के निदेशक (कार्मिक) मुरली कृष्ण रमैया उपस्थित रहे। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथियों के रूप में एसएसएलएनटी महिला महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. शर्मिला रानी, गुरु नानक कॉलेज की प्राचार्या डॉ. रंजना दास, कीर्ति ट्रस्ट के अध्यक्ष राकेश कुमार तथा निदेशक (परियोजना) राजेश उपस्थित थे। सभी अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर तथा गणेश वंदना के साथ कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया। इसके उपरांत छात्राओं ने राष्ट्रगान प्रस्तुत किया तथा झारखंड के पारंपरिक लोकनृत्य की मनमोहक प्रस्तुति देकर उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया।

वहीं, गुरु नानक कॉलेज की प्राचार्या डॉ. रंजना दास ने युवाओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि शिक्षा तभी सार्थक होती है, जब वह व्यक्ति को समाज में सम्मानपूर्वक खड़े होने का आत्मविश्वास प्रदान करे। उन्होंने कहा कि यह प्रशिक्षण कार्यक्रम युवाओं में वही आत्मविश्वास और क्षमता विकसित करेगा।
इससे पूर्व कीर्ति ट्रस्ट के अध्यक्ष राकेश कुमार ने स्वागत भाषण एवं कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए सभी अतिथियों का अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि कीर्ति ट्रस्ट पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ इन 250 युवाओं के कौशल विकास का कार्य करेगा।
ट्रस्ट के निदेशक (परियोजना) राजेश ने एक विस्तृत पावरपॉइंट प्रस्तुति (पीपीटी) के माध्यम से प्रशिक्षण कार्यक्रम के प्रमुख बिंदुओं, पाठ्यक्रम तथा आगामी कार्ययोजना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम के तहत युवाओं को केवल रिटेल सेल्स की तकनीकी बारीकियों से ही अवगत नहीं कराया जाएगा, बल्कि उनके संचार कौशल, व्यक्तित्व विकास और डिजिटल साक्षरता के विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए प्रशिक्षक के रूप में डॉ. पूर्णिमा कुमारी, सोनाली गुप्ता, पल्लवी कुमारी, अलका कुमारी तथा सोनाली कुमारी ने छात्रों को पाठ्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी। कार्यक्रम का समन्वय कीर्ति ट्रस्ट के समन्वयक अशोक श्रीवास्तव ने किया।
कार्यक्रम के अंतिम चरण में छात्राओं ने ‘वंदे मातरम्’ पर शानदार नृत्य प्रस्तुति दी, जिसने पूरे सभागार को देशभक्ति के रंग में सराबोर कर दिया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. आकांक्षा शर्मा ने किया। आयोजन को सफल बनाने में एसएसएलएनटी महाविद्यालय के प्रोफेसर विमल मिंज एवं डॉ. धीरज मिश्रा का विशेष योगदान रहा। अंत में कीर्ति ट्रस्ट की ओर से धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया गया।
Mohit Sinha is a writer associated with Samridh Jharkhand. He regularly covers sports, crime, and social issues, with a focus on player statements, local incidents, and public interest stories. His writing reflects clarity, accuracy, and responsible journalism.
