बोकारो में नगर पालिका चुनाव को लेकर मतदान कर्मी रवाना, 201 केंद्रों पर कल होगा मतदान
चास व फुसरो क्षेत्र में 2,27,155 मतदाता डालेंगे वोट
बोकारो जिले में नगर पालिका निर्वाचन 2026 को लेकर मतदान कर्मियों की रवानगी पूरी कर ली गई है। चास नगर निगम और फुसरो नगर परिषद क्षेत्र के 201 मतदान केंद्रों पर सोमवार को मतदान होगा, जिसमें 2.27 लाख से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
बोकारो : चुनाव को लेकर मतदान कर्मी रवाना, 201 मतदान केंद्रों पर मतदान कल। सेक्टर 08 बी स्थित डीएवी इस्पात पब्लिक स्कूल में बनाए गए डिस्पैच सेंटर से रवाना हुए सेक्टर पदाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं मतदान कर्मी। जिला अंतर्गत चास नगर निगम एवं फुसरो नगर परिषद क्षेत्र में सोमवार, 23 फरवरी को होगा चुनाव। मतदाता करेंगे अपने मताधिकार का इस्तेमाल।
मतदान कर्मियों की रवानगी तक डिस्पैच सेंटर में डटे रहें जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त अजय नाथ झा, पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह, उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार, डीपीएलआर मेनका, अपर समाहर्ता मो. मुमताज अंसारी समेत दोनों क्षेत्रों के निर्वाची पदाधिकारी सह अनुमंडल पदाधिकारी प्रांजल ढांडा – मुकेश मछुआ, सहायक निर्वाची पदाधिकारी व संबंधित कोषांगों के पदाधिकारीगण।

रवानगी तक मुस्तैद रहें पदाधिकारी
मतदान कर्मियों की रवानगी तक डिस्पैच सेंटर पर जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त अजय नाथ झा, पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह, उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार, डीपीएलआर मेनका, अपर समाहर्ता मो. मुमताज अंसारी, जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी मो. सफीक आलम, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार समेत दोनों क्षेत्रों के निर्वाची पदाधिकारी सह अनुमंडल पदाधिकारी प्रांजल ढांडा – मुकेश मछुआ आदि मुस्तैद रहें।
अपनी देख-रेख में सभी मतदान कर्मियों को मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया। इसके अलावा विभिन्न पंडालों के लिए बनाए गए वरीय पदाधिकारी, सहायक निर्वाचन निबंधन पदाधिकारी सह बीडीओ/सीओ, संबंधित कोषांगों के वरीय पदाधिकारी/नोडल पदाधिकारी आदि भी अपने दायित्वों के निष्पादन में कार्य समाप्ति तक डटे रहें।
वहीं, नगर पालिका (आम) निर्वाचन 2026 के लिए सामान्य प्रेक्षक श्याम नारायण राम – मो. सादात अनवर ने डिस्पैच सेंटर से मतदान दल रवानगी कार्य का जायजा लिया। द्वय पदाधिकारियों ने जिला प्रशासन की तैयारियों पर संतोष व्यक्त किया।
222 मतदान दल हुए रवाना
नगर पालिका (आम) निर्वाचन 2026 के तहत डिस्पैच सेंटर से जिला अंतर्गत दोनों निकायों के लिए कुल 222 मतदान दलों को विभिन्न मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया गया। जिसमें चास नगर निगम क्षेत्र के 136 मतदान केंद्रों के लिए 150 मतदान दल एवं फुसरो नगर परिषद क्षेत्र के 65 मतदान केंद्रों के लिए 72 मतदान दल रवाना हुए। मतदान कार्य में कुल 1110 मतदान कर्मियों को प्रतिनियुक्त किया गया है, जिसमें रिजर्व मतदान कर्मी भी शामिल हैं।
2,27,155 मतदाता करेंगे मतदान
जिले के दोनों निकायों में कुल मतदाताओं की संख्या 2,27,155 है। इसमें चास नगर निगम क्षेत्र में कुल मतदाता 1,62,073 हैं, जिसमें पुरुष मतदाता 83,106, महिला मतदाता 78,950 एवं अन्य मतदाता 17 शामिल हैं। इसी तरह, फुसरो नगर परिषद क्षेत्र में कुल मतदाता 65,082 हैं, जिसमें पुरुष मतदाता 33,292 एवं महिला मतदाता 31,790 शामिल हैं। निर्वाचन के सफल संचालन को लेकर जोनल मजिस्ट्रेट एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए हैं।
