Crime News: अस्पताल के कमरे में फंदे से लटका मिला फिजियोथैरेपिस्ट, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
फिजियोथैरेपी रूम में फंदे से लटका मिला 42 वर्षीय वीरेंद्र महतो का शव
बोकारो सदर अस्पताल में कार्यरत 42 वर्षीय फिजियोथैरेपिस्ट वीरेंद्र महतो का शव अस्पताल के फिजियोथैरेपी रूम में फांसी के फंदे से लटका मिला। कई दिनों की छुट्टी के बाद वह ड्यूटी पर लौटे थे, लेकिन देर रात तक घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने खोजबीन शुरू की। पुलिस को अस्पताल के कमरे में उनका शव मिला।
बोकारो: बोकारो के सदर अस्पताल में फिजियोथैरेपिस्ट के पद पर कार्यरत 42 वर्षीय वीरेंद्र महतो का शव अस्पताल के फिजियोथैरेपी रूम में फांसी के फंदे से लटका मिला। वह पिछले कई वर्षों से सदर अस्पताल में फिजियोथैरेपिस्ट के पद पर कार्यरत थे।
बताया जाता है कि कई दिनों की छुट्टी के बाद वह बीते दिन ड्यूटी पर लौटे थे। ओपीडी का समय समाप्त होने के बाद भी जब वह देर रात तक अपने आवास नहीं पहुंचे, तो उनकी तलाश शुरू की गई। उनके घर नहीं पहुंचने की सूचना थाना तक पहुंची, जिसके बाद पुलिस ने खोजबीन शुरू की।



फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि मामला आत्महत्या का है या हत्या का। इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। यदि यह आत्महत्या का मामला है, तो इसके पीछे की वजह क्या रही, यह भी जांच का विषय है। चर्चा यह भी है कि वह अवकाश समाप्त होने के बाद ही घर से लौटे थे। ऐसे में घरेलू विवाद या किसी अन्य कारण की भी जांच की जा रही है।
सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. एन.पी. सिंह ने बताया कि बीते दिन ओपीडी समाप्त होने के बाद जब गार्ड सभी कमरों में ताला लगाने गया, तो वीरेंद्र महतो ने अपने कमरे में ताला लगाने से मना कर दिया और अंदर चले गए। गार्ड ने यह सोचकर कि उन्हें कोई काम होगा, कमरे में ताला नहीं लगाया और अपने अन्य कार्यों में व्यस्त हो गया। बाद में जब उनकी तलाश शुरू हुई, तब यह जानकारी सामने आई कि उन्होंने गार्ड को कमरे में ताला लगाने से मना किया था।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। वहीं, अस्पताल प्रबंधन ने भी मामले की जांच के लिए एक कमेटी का गठन किया है। वीरेंद्र महतो की मौत कई सवाल खड़े कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पूरे मामले से पर्दा उठ सकेगा। सदर अस्पताल में हुई इस घटना ने सभी को झकझोर कर रख दिया है।
Mohit Sinha is a writer associated with Samridh Jharkhand. He regularly covers sports, crime, and social issues, with a focus on player statements, local incidents, and public interest stories. His writing reflects clarity, accuracy, and responsible journalism.
Related Posts


Latest News


