छोटा भाई बना कातिल! बड़े भाई, भाभी और 2 बच्चों की हत्या, कैमूर कांड का सनसनीखेज खुलासा
Kaimur Suitcase Murder Case: बिहार के कैमूर जिले से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने पूरे समाज को हिलाकर रख दिया है। खून के रिश्ते और भरोसे की इससे बड़ी त्रासदी क्या होगी। पारिवारिक विवाद इस कदर बढ़ा कि एक भाई ने अपनों को ही मौत के घाट उतार दिया। जब सूटकेस और बोरों में बंद कटे हुए अंगों की सच्चाई सामने आई तो सुनने वाले सन्न रह गए।
Kaimur Suitcase Murder Case: कैमूर जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र में सूटकेस और बोरों में मिले चार शवों के टुकड़ों के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मोहनिया-रामगढ़ मार्ग पर दुर्गावती नदी पुल के नीचे जब दो सूटकेसों से इंसानी अंग मिले थे, तब किसी ने सोचा भी नहीं था कि यह एक ही घर के चार लोगों के साथ हुई इतनी क्रूर वारदात होगी। कुछ दिन बाद नहर किनारे बोरों में और टुकड़े मिले तो पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। जांच में सामने आया कि छोटे भाई ने बड़े भाई, भाभी और दो मासूम बच्चों की जान ले ली और पहचान छुपाने के लिए शवों को 18 टुकड़ों में काटकर अलग-अलग जगह फेंक दिया।
सूटकेस और बोरों में मिले थे 4 शवों के टुकड़े
कैमूर एसपी हरिमोहन शुक्ला ने बताया कि 10 मई को दुर्गावती नदी पुल के नीचे दो सूटकेसों में कटे हुए अंग मिले। पुलिस जांच में जुटी ही थी कि 12 मई को अभयदेय गांव के पास नहर किनारे दो बोरों में भी मानव अंगों के टुकड़े बरामद हुए। कुल मिलाकर एक महिला, एक पुरुष और दो बच्चों के शव थे- सभी को 18 टुकड़ों में काटा गया था।
पहचान से खुली गुत्थी, छोटे भाई ने कबूला जुर्म

7 मई को विकास गुप्ता, उसका छोटा भाई राहुल उर्फ गौतम और दोस्त दीपक राजपूत तीनों ने मिलकर कृष्ण मुरारी पर चाकू से हमला कर दिया और उनकी जान ले ली। जब मृतक की पत्नी ने यह सब देखा तो वह डर के मारे भागने लगी। लेकिन तीनों ने उसे भी दबोच लिया और चाकू से गोद-गोदकर मार डाला। उस वक्त दोनों बच्चे स्कूल गए हुए थे। जब वे घर लौटे और मां-बाप को ढूंढने लगे तो उन्हें भी जिंदा नहीं छोड़ा गया। यह सब कुछ मृतक की मां और विकास की पत्नी की आंखों के सामने होता रहा।
18 टुकड़ों में काटकर सूटकेस और बोरों में फेंके शव
हत्या के बाद सबूत मिटाने के लिए चारों शवों को 18 टुकड़ों में काटा गया और बोरों व सूटकेस में भरकर अलग-अलग जगहों पर फेंक दिया गया। एसपी ने बताया कि इस पूरी वारदात में मृतक के दो सगे भाई, एक भाभी, उनकी मां और विकास का दोस्त दीपक राजपूत शामिल हैं। अब तक दो आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि बाकी फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं।
