मौसेरी बहन से प्रेम पड़ा भारी, युवक की हत्या कर शव पेड़ से लटकाया
मौसेरी बहन से शादी करना चाहता था युवक
पलामू जिले के सतबरवा थाना क्षेत्र में मौसेरी बहन से प्रेम प्रसंग के कारण युवक की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने 24 घंटे के भीतर मामले का खुलासा करते हुए मृतक के मौसा रवि सिंह को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने प्रेमी युवक पवन सिंह की डंडे से हत्या कर शव को पेड़ से लटकाकर आत्महत्या दिखाने की कोशिश की थी।
पलामू: पलामू जिले के सतबरवा थाना क्षेत्र के दुलसुलमा गांव में मौसेरी बहन से प्रेम प्रसंग के कारण पवन सिंह नामक युवक की हत्या की गई थी। 24 घंटे के भीतर पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए आरोपित दुलसुलमा निवासी मौसा 50 वर्षीय रवि सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। डीएसपी राजेश यादव ने रविवार दोपहर 12:30 बजे पुलिस अधीक्षक कार्यालय सभागार में पत्रकारों के समक्ष मामले का खुलासा किया।
उन्होंने बताया कि पवन सिंह का उसकी मौसेरी बहन सोनी देवी नामक महिला से प्रेम प्रसंग था। पवन उससे शादी करना चाहता था। सोनी देवी शादीशुदा थी। वह इनकार कर रही थी। 15 मई की रात पवन सिंह सोनी देवी से मिलने और शादी के लिए मनाने के लिए उसके मायके गया था। बेटी को प्रेमी से मिलते देखकर पिता रवि सिंह ने आपा खो दिया और गुस्से में आकर पवन सिंह के सिर पर पीछे से डंडे से वार किया। मौत होने पर उसकी डेड बॉडी को कंधे पर टांग कर पास के हड़ही पहाड़ पर ले जाकर मृतक के ही गमछा से एक पेड़ पर फंदे पर लटका दिया था, ताकि हत्या खुदकुशी साबित हो जाए।

डीएसपी राजेश ने बताया कि पवन सिंह और सोनी के बीच डेढ़ -दो महीने से प्रेम प्रसंग चल रहा था। सोनी देवी एक बच्चे की मां है।
Mohit Sinha is a writer associated with Samridh Jharkhand. He regularly covers sports, crime, and social issues, with a focus on player statements, local incidents, and public interest stories. His writing reflects clarity, accuracy, and responsible journalism.
