Palamu News: हुसैनाबाद में चोरों का आतंक, सीसीटीवी तोड़कर पिकअप वाहन लेकर फरार

पलामू: हुसैनाबाद में चोरों ने आतंक मचा रखा है। बीती रात करीब 12 बजे अज्ञात चोर एक पिकअप वाहन (JH03 AT 8386) की चोरी कर आसानी से फरार हो गए।
इस संबंध में जानकारी देते हुए भुक्तभोगी हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के दमदमी गांव निवासी हरिनंदन कुमार मेहता ने बताया कि हुसैनाबाद के संढा गांव में उनकी मेहता इंटरप्राइजेज नाम से छड़-सीमेंट की दुकान है। बीती रात 12 बजे उनका पिकअप वाहन (JH03 AT 8386) दुकान के पास खड़ा था। इसी बीच अज्ञात चोर वहां पहुंचे और पहले दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे को लोहे की रॉड से मारकर तोड़ दिया। इसके बाद चोर आसानी से पिकअप वाहन लेकर वहां से फरार हो गए।
बुधवार की सुबह भुक्तभोगी हरिनंदन मेहता ने पिकअप वाहन चोरी होने से संबंधित मामला हुसैनाबाद थाना में दर्ज करा दिया। थाना में मामला दर्ज होने के बाद पुलिस पिकअप वाहन की तलाश में जुट गई है। वहीं, भुक्तभोगी हरिनंदन मेहता ने पिकअप वाहन की जानकारी देने वालों को 10 हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा भी की है।


