Palamu News: रेहला के रक्साहा गांव में मूर्ति विसर्जन विवाद के बाद पुलिस टीम पर हमला

मेदिनीनगर: जिला के रेहला थाना क्षेत्र के ग्राम रक्साहा में लक्ष्मी पूजा विसर्जन के दौरान दो पक्षों के बीच हुए विवाद और पुलिस टीम पर हुए हमले के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के संबंध में रेहला थाना कांड संख्या-122/2026 दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
घटना का विवरण:
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 09 नवंबर 2026 की शाम रक्साहा गांव में लक्ष्मी पूजा विसर्जन के दौरान दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गई थी। सूचना मिलते ही रेहला थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया।
कुछ ही देर में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, विश्रामपुर भी अपने अंगरक्षकों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर शांत कराने की कोशिश की। इसी दौरान मौके पर मौजूद 200-300 लोगों की भीड़ में शामिल कुछ असामाजिक तत्वों ने लोगों को पुलिस के खिलाफ उकसाना शुरू कर दिया, जिससे भीड़ उग्र हो गई।
पुलिस पर पथराव और आत्मरक्षार्थ हवाई फायरिंग:
उग्र भीड़ ने पुलिस पार्टी के साथ गाली-गलौज करते हुए पथराव और लाठी-डंडों से हमला कर दिया तथा पुलिसकर्मियों को खदेड़ने का प्रयास किया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने पहले हल्का बल प्रयोग किया, लेकिन भीड़ के और अधिक आक्रामक होने पर पुलिस को आत्मरक्षार्थ हवाई फायरिंग करनी पड़ी। इस घटना में कई पुलिस पदाधिकारी व कर्मी घायल हो गए तथा सरकारी वाहन भी क्षतिग्रस्त हुआ है।
विशेष टीम ने की त्वरित कार्रवाई:
मामले की गंभीरता को देखते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, विश्रामपुर के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल (RAI) का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय पहचान के आधार पर छापेमारी कर कुल 08 उपद्रवियों को गिरफ्तार किया है। सभी गिरफ्तार आरोपियों को पूछताछ के बाद न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।
गिरफ्तार अभियुक्तों के नाम:
पिंटु कुमार चौधरी (उम्र करीब 21 वर्ष, पिता- बिफन चौधरी)
विकास कुमार चौधरी (उम्र करीब 20 वर्ष, पिता- बिफन चौधरी)
रोहित कुमार चौधरी (उम्र करीब 20 वर्ष, पिता- चन्द्रदेव चौधरी)
कंचन कुमार चौधरी (उम्र करीब 33 वर्ष, पिता- राजेश चौधरी)
विकास चौधरी (उम्र करीब 23 वर्ष, पिता- संतोष चौधरी)
धर्मदेव चौधरी (उम्र करीब 22 वर्ष, पिता- जयराम चौधरी)
बिनोद चौधरी (उम्र करीब 44 वर्ष, पिता- रामकिशुन चौधरी)
बिजय कुमार चौधरी (उम्र करीब 35 वर्ष, पिता- रामपृत चौधरी)
(सभी आरोपी ग्राम रक्साहा, थाना रेहला, जिला- पलामू के रहने वाले हैं।)
पलामू पुलिस की अपील:
पलामू पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी विवाद के दौरान कानून को अपने हाथ में न लें और क्षेत्र में शांति व सामाजिक सौहार्द बनाए रखें। किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और अप्रिय घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दें। पुलिस ने चेतावनी दी है कि विधि-व्यवस्था भंग करने, पुलिस बल पर हमला करने या सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वाले तत्वों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


