Giridih News: बाल शिक्षा मंदिर में फैब्रोस कंपनी की सराहनीय पहल, 125 बच्चों के बीच बांटी गईं वाटर बोतलें

गिरिडीह: शहर के बरगंडा स्थित बाल शिक्षा मंदिर में बुधवार को फैब्रोस कंपनी की ओर से एक सराहनीय सामाजिक पहल की गई। इसके तहत विद्यालय के जूनियर सेक्शन के 125 नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों के बीच 125 वाटर बोतलों का वितरण किया गया। वाटर बोतल पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे।
इस कार्यक्रम में प्रदीप अग्रवाल एवं विकास खेतान का विशेष योगदान रहा। इस अवसर पर प्रदीप अग्रवाल ने कहा कि फैब्रोस कंपनी की ओर से बाल दिवस के मौके पर बच्चों के बीच वाटर बोतल वितरण करने की योजना बनाई गई थी, लेकिन छठ महापर्व के कारण उस समय कार्यक्रम आयोजित नहीं हो सका।
उन्होंने कहा कि बुधवार को विद्यालय के नन्हे-मुन्ने बच्चों के बीच वाटर बोतल वितरित कर उन्हें काफी अच्छा लगा। बच्चों के चेहरों पर खुशी और मुस्कान देखकर मन को बेहद संतुष्टि मिली। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी कंपनी की ओर से इस तरह के सामाजिक एवं जनहितकारी कार्य निरंतर किए जाते रहेंगे।
उन्होंने बताया कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य बच्चों को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ उन्हें दैनिक जीवन में उपयोगी वस्तुएं उपलब्ध कराना है। इस तरह के छोटे-छोटे प्रयास बच्चों के जीवन में खुशी लाने के साथ समाज में सेवा और सहयोग की भावना को भी मजबूत करते हैं।
कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के प्रिंसिपल प्रभाकर घोष का महत्वपूर्ण मार्गदर्शन एवं सहयोग रहा। वहीं, संगीता सिन्हा, बेबी सिंह, गीता पुर, कंचन वर्मा, राधा थापा एवं संजू सहित विद्यालय की सभी शिक्षिकाओं का सराहनीय योगदान रहा।
अंत में विद्यालय परिवार की ओर से प्रदीप अग्रवाल एवं विकास खेतान के प्रति इस नेक पहल के लिए आभार व्यक्त किया गया। विद्यालय परिवार ने कहा कि समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाते हुए बच्चों के हित में किए जाने वाले ऐसे प्रयास निश्चित रूप से सराहनीय हैं।


