झारखंड लैंड मैन्युअल पुस्तक का समारोहपूर्वक विमोचन

गिरिडीह: गिरिडीह स्थित कुशवाहा भवन के सभागार में बुधवार को तालियों की गड़गड़ाहट के बीच झारखंड लैंड मैन्युअल पुस्तक का समारोहपूर्वक विमोचन किया गया। समारोह में बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित पूर्व विधायक प्रो. जयप्रकाश वर्मा ने पुस्तक का विमोचन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि पुस्तकें अनादि काल से समाज का पथ-प्रदर्शन करती आ रही हैं। पुस्तकें ज्ञान का अथाह भंडार होने के साथ-साथ जीवन को सही दिशा देने का सशक्त माध्यम भी हैं।
उन्होंने चिंता जताते हुए कहा कि आज समाज में पुस्तकों के अध्ययन की प्रवृत्ति कम होती जा रही है। लोगों ने किताबें पढ़ना छोड़ दिया है, जिसका दुष्परिणाम सामाजिक जीवन में भी देखने को मिल रहा है। ज्ञान और समझ के अभाव में समाज अनेक समस्याओं से जूझ रहा है। उन्होंने लोगों से पुस्तकों के अध्ययन की आदत विकसित करने और ज्ञान को जीवन में उतारने की अपील की।
साहित्यकार एवं सामाजिक कार्यकर्ता एसके द्विवेदी ने कहा कि वर्तमान समय में जमीन संबंधी विवाद तेजी से बढ़ रहे हैं। जमीन के कानूनों और प्रावधानों की समुचित जानकारी नहीं होने के कारण लोग छोटी-छोटी जमीन के लिए एक-दूसरे के जानी दुश्मन बन जा रहे हैं। कई बार मामूली भूमि विवाद गंभीर सामाजिक तनाव का रूप ले लेता है। उन्होंने कहा कि जमीन संबंधी कानूनों की अनभिज्ञता विवादों की एक बड़ी वजह है। आम लोगों को झारखंड के भूमि कानूनों, नियमों और राजस्व संबंधी प्रावधानों की जानकारी सरल भाषा में उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पुस्तक तैयार की गई है। इसमें जटिल कानूनी विषयों को सहज शब्दों में समझाने का प्रयास किया गया है, ताकि आम आदमी भी अपनी जमीन से जुड़े अधिकारों और कानूनी प्रक्रियाओं को समझ सके।
इस अवसर पर पुस्तक के लेखक एवं आयोजक शैलेंद्र वर्मा ने कहा कि झारखंड में लोग जमीन के विवादों में उलझकर विकास की दौड़ में काफी पीछे छूटते जा रहे हैं। मुकदमेबाजी के कारण लोगों का समय, धन और ऊर्जा बर्बाद हो रही है। पीढ़ियां जमीन के झगड़ों और अदालती चक्करों में उलझी रह जाती हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि झारखंड लैंड मैन्युअल पुस्तक लोगों को इन झंझटों से बाहर निकलने का रास्ता दिखाएगी। जमीन संबंधी कानूनों की सही जानकारी देकर यह पुस्तक विवादों को कम करने और लोगों को जागरूक बनाने में मार्गदर्शक साबित होगी।
समाजसेवी ओमप्रकाश महतो ने कहा कि समाज के विकास और जागरूकता के लिए शिक्षा बेहद जरूरी है। शिक्षा के माध्यम से ही लोग अपने अधिकारों और कर्तव्यों को समझ सकते हैं। उन्होंने पुस्तक लेखन के इस प्रयास की सराहना की।
समारोह में मिथिलेश राय, केदार प्रसाद, बबलू वर्मा, राजन कुमार, दीपक प्रसाद, उज्ज्वल कुमार वर्मा, विशाल, कृष्ण, अभिमन्यु कुमार, निगम वर्मा सहित क्षेत्र के कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।




