दुमका में आदिवासी छात्रा की संदिग्ध मौत, दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका; जांच तेज

दुमका जिले के काठीकुंड थाना क्षेत्र में नौवीं कक्षा की छात्रा का शव मिलने के बाद जांच करती पुलिस
दुमका के काठीकुंड में छात्रा का शव मिलने से सनसनी

दुमका: जिले के काठीकुंड थाना क्षेत्र में नौवीं कक्षा की एक आदिवासी छात्रा का शव झाड़ियों से बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों और घटनास्थल की स्थिति को देखते हुए छात्रा के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच कर रही है।

परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, नौवीं कक्षा में पढ़ने वाली छात्रा शुक्रवार दोपहर करीब तीन बजे स्कूल से घर लौटी थी। घर पर खाना खाने के बाद वह रोजाना की तरह गाय खोलने के लिए मैदानी और खेत वाले इलाके की ओर गई थी। कुछ देर बाद गाय अकेले घर लौट आई, लेकिन काफी समय बीत जाने के बाद भी छात्रा वापस नहीं पहुंची। इससे परिजनों की चिंता बढ़ गई।

बेटी के घर नहीं लौटने पर परिजनों ने पहले आसपास के इलाकों में उसकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद भी जब उसका कुछ पता नहीं चला, तो ग्रामीणों के साथ मिलकर तलाश अभियान चलाया गया। इसी दौरान गांव के पास झाड़ियों में छात्रा का शव बरामद हुआ। इसके बाद तत्काल स्थानीय पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही काठीकुंड थाना प्रभारी बलराम कुमार सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने मौके पर जांच-पड़ताल की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएसपी भी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर विभिन्न पहलुओं से छानबीन की।

थाना प्रभारी बलराम सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पूरे मामले की जांच की जा रही है।

लेखक के बारे में

By Mohit Sinha

Mohit Sinha is a writer associated with Samridh Jharkhand. He regularly covers sports, crime, and social issues, with a focus on player statements, local incidents, and public interest stories. His writing reflects clarity, accuracy, and responsible journalism.

Read More