Dumka News: गांधी जयंती पर फाइलेरिया मरीजों को मिला सहारा, वितरित की गई ट्राइसाइकिल

दुमका में फाइलेरिया प्रभावित मरीजों को ट्राइसाइकिल वितरण
फाइलेरिया मरीजों को ट्राइसाइकिल वितरित

दुमका। महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर फाइलेरिया प्रभावित मरीजों के जीवन को सुगम बनाने और उन्हें आवागमन में सुविधा प्रदान करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन, जिला समाज कल्याण विभाग, जिला स्वास्थ्य समिति, प्रखंड प्रशासन, प्रखंड बाल विकास परियोजना, प्रखंड स्वास्थ्य विभाग एवं पीरामल फाउंडेशन के संयुक्त प्रयास से दुमका प्रखंड कार्यालय में फाइलेरिया प्रभावित मरीजों के बीच ट्राइसाइकिल का वितरण किया गया।

इस पहल के तहत चिन्हित फाइलेरिया प्रभावित मरीजों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए संबंधित विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर पात्र लाभुकों को ट्राइसाइकिल उपलब्ध कराई गई। इस क्रम में JMM प्रतिनिधि शिवा बास्की, प्रमुख मिनोदी सोरेन, प्रखंड विकास पदाधिकारी हरिनाथ महतो, अंचल अधिकारी अमर कुमार, बाल विकास परियोजना की सुपरवाइजर तथा प्रथम चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. मो. परवेज आलम (MOIC) की उपस्थिति में मो. सलीम मियां, सुमित्रा देवी एवं मो. सिकंदर को ट्राइसाइकिल वितरित की गई।

इस अवसर पर अधिकारियों ने कहा कि फाइलेरिया से प्रभावित व्यक्तियों को दैनिक जीवन में आवागमन और सामाजिक गतिविधियों में अनेक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। ऐसे मरीजों को आवश्यक सहयोग और सुविधाएं उपलब्ध कराना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। ट्राइसाइकिल मिलने से लाभुकों को आवागमन में सुविधा होगी और वे अपने दैनिक कार्यों में अधिक आत्मनिर्भरता के साथ भाग ले सकेंगे।

अधिकारियों ने कहा कि इस संयुक्त पहल का उद्देश्य केवल सहायता प्रदान करना नहीं, बल्कि फाइलेरिया प्रभावित व्यक्तियों के प्रति समाज में संवेदनशीलता, सम्मान और सहयोग की भावना को बढ़ावा देना भी है। फाइलेरिया प्रभावित व्यक्ति समाज के अभिन्न अंग हैं। उनके स्वास्थ्य, सम्मान और सामाजिक भागीदारी को सुनिश्चित करने के लिए सभी विभागों एवं समुदाय को मिलकर प्रयास करना आवश्यक है।

जिला प्रशासन एवं संबंधित विभागों द्वारा फाइलेरिया उन्मूलन के साथ-साथ प्रभावित मरीजों की देखभाल, Morbidity Management and Disability Prevention (MMDP), सामाजिक सहयोग एवं पुनर्वास पर भी लगातार कार्य किया जा रहा है।

इस अवसर पर जिला स्तर से पीरामल फाउंडेशन के प्रतिनिधि तथा प्रखंड स्तर से सुमित कुमार (BPM), रवीन्द्रनाथ हांसदा (MTS), अनीता मरांडी (ANM), मनोज हेम्ब्रम (MPW), सहिया सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी एवं संबंधित विभागों के कर्मी उपस्थित थे।

लेखक के बारे में

By Mohit Sinha

Mohit Sinha is a writer associated with Samridh Jharkhand. He regularly covers sports, crime, and social issues, with a focus on player statements, local incidents, and public interest stories. His writing reflects clarity, accuracy, and responsible journalism.

Read More