कस्तूरबा विद्यालयों की छात्राओं में बढ़ा आत्मविश्वास, दस दिन तक चला आत्मसुरक्षा प्रशिक्षण

दुमका के कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों में छात्राओं के लिए आयोजित आत्मसुरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम
दुमका में 500 छात्राओं का आत्मसुरक्षा प्रशिक्षण संपन्न

दुमका: बेटी बचाओ–बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत जिले के सभी कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों में आयोजित दस दिवसीय आत्मसुरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम 15 अक्टूबर को सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। महिला, बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग, झारखंड सरकार के निर्देशानुसार जिला शिक्षा पदाधिकारी एवं जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, दुमका के संयुक्त प्रयास से आयोजित इस कार्यक्रम में तकनीकी सहयोगी संस्था सेंटर फॉर कैटलाइजिंग चेंज (C3) ने सहयोग प्रदान किया।

यह प्रशिक्षण कार्यक्रम 6 अक्टूबर से 15 अक्टूबर 2026 तक संचालित किया गया। इस दौरान छात्राओं को वुशु के माध्यम से आत्मसुरक्षा की विभिन्न तकनीकों एवं व्यावहारिक कौशल का प्रशिक्षण दिया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य किशोरियों को आत्मसुरक्षा के प्रति जागरूक एवं सक्षम बनाना, उनमें आत्मविश्वास और साहस विकसित करना तथा आवश्यकता पड़ने पर स्वयं की सुरक्षा के लिए जरूरी कौशल प्रदान करना था।

जिले के सभी कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों में 50-50 छात्राओं को प्रशिक्षण दिया गया। इस प्रकार कुल 500 किशोरियों ने प्रशिक्षण का लाभ उठाया। छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए आत्मरक्षा से संबंधित विभिन्न तकनीकों का नियमित अभ्यास किया।

कार्यक्रम के प्रभावी संचालन के लिए C3 की ओर से तकनीकी सहयोग, समन्वय एवं मार्गदर्शन प्रदान किया गया। प्रशिक्षण की गुणवत्ता और निर्धारित उद्देश्यों की प्राप्ति सुनिश्चित करने के लिए जिला स्तर पर नियमित अनुश्रवण एवं निरीक्षण की व्यवस्था की गई थी।

अनुश्रवण के लिए गठित जिला स्तरीय टीम में गौरव कुमार, कार्यक्रम पदाधिकारी, C3; ज्योत्सना हेंब्रम, रीजनल कोऑर्डिनेटर, UNICEF; अभिषेक स्वर्णकार, क्षेत्रीय प्रबंधक, SAMAR; एवं सुधाकर केशरी, जिला परियोजना सहायक शामिल रहे। टीम ने प्रशिक्षण की गुणवत्ता, छात्राओं की उपस्थिति, गतिविधियों के संचालन और निर्धारित उद्देश्यों की प्राप्ति का नियमित अनुश्रवण एवं निरीक्षण किया।

इसके अतिरिक्त, सभी महिला एवं बाल विकास परियोजना कार्यालयों से नामित महिला पर्यवेक्षिकाएं भी प्रशिक्षण अवधि के दौरान संबंधित विद्यालयों में उपस्थित रहीं। उन्होंने कार्यक्रम के संचालन में समन्वय एवं अनुश्रवण के साथ छात्राओं को आवश्यक सहयोग और मार्गदर्शन प्रदान किया। जिला समाज कल्याण पदाधिकारी एवं जिला शिक्षा पदाधिकारी के निर्देशानुसार संबंधित प्रखंडों की महिला पर्यवेक्षिकाओं को प्रशिक्षण अवधि में अपने-अपने विद्यालयों में उपलब्ध रहने के लिए निर्देशित किया गया था।

प्रशिक्षण के सफल समापन पर जिले के सभी कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों की 500 छात्राओं को प्रशस्ति पत्र एवं टोपी प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर छात्राओं में विशेष उत्साह और प्रसन्नता देखी गई। प्रशिक्षण से छात्राओं में आत्मरक्षा के प्रति जागरूकता के साथ आत्मविश्वास, साहस और स्वयं की सुरक्षा के प्रति जिम्मेदारी की भावना को बढ़ावा मिला।

C3 के तकनीकी सहयोग, जिला स्तरीय अनुश्रवण टीम की निगरानी तथा जिला समाज कल्याण पदाधिकारी एवं जिला शिक्षा पदाधिकारी के मार्गदर्शन में संचालित यह प्रशिक्षण कार्यक्रम जिले की किशोरियों को सुरक्षित, जागरूक, आत्मविश्वासी एवं सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।

लेखक के बारे में

By Mohit Sinha

Mohit Sinha is a writer associated with Samridh Jharkhand. He regularly covers sports, crime, and social issues, with a focus on player statements, local incidents, and public interest stories. His writing reflects clarity, accuracy, and responsible journalism.

Read More