साहिबगंज में खूनी वारदात: महिला की पत्थर से कूचकर हत्या, इलाके में दहशत

साहिबगंज। जिले के जिरवाबाड़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत महादेवगंज (ललमटिया गांव) के पास अपराधियों ने एक अधेड़ महिला की बेरहमी से हत्या कर दी। सोमवार देर रात हुई इस वारदात के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। मृतका की पहचान शंकर भुइयां की पत्नी गीता देवी (45 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि अपराधियों ने महिला के सिर पर पत्थर से वार कर उसकी जान ले ली। घटनास्थल पर महिला के सिर में गंभीर चोट के निशान मिले हैं।
घटना की सूचना मिलते ही जिरवाबाड़ी थाना प्रभारी शशि कुमार सिंह दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की छानबीन शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए साहिबगंज सदर अस्पताल भेज दिया है। फिलहाल हत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस सभी बिंदुओं पर गहन जांच कर रही है। वहीं, घटना के बाद से मृतका के परिजनों में कोहराम मचा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।



