सूप-टोकरी और दौरों के बिना अधूरी है छठ पूजा, पीढ़ियों से परंपरा संभाल रहे बांस कारीगर

छठ पूजा की तैयारियों के बीच बाजार में बढ़ी बांस के सूप-दौरा की मांग।

छठ की तैयारी में दिन-रात जुटे कारीगर, सूप 150 से 250 और दौरा 300 से 500 रुपये तक बिक रहे

साहिबगंज: लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर साहिबगंज में तैयारियां अंतिम चरण में हैं। शहर के विभिन्न चौक-चौराहों से लेकर सभी प्रखंडों के हाट-बाजारों तक रौनक बढ़ गई है। फल-फूल, नए वस्त्र और पूजन सामग्री की बिक्री के बीच सबसे खास और सबसे ज्यादा भीड़ बांस से बने पारंपरिक सूप और दौरा की दुकानों पर देखने को मिल रही है। लोगों की सबसे ज्यादा भीड़ बांस से बने सूप, टोकरी और दौरों की दुकानों पर जुट रही है, क्योंकि इनके बिना छठ पूजा अधूरी मानी जाती है।

बांस से निर्मित सामग्रियों का है धार्मिक महत्व

छठ पूजा में सूप और दौरा का विशेष धार्मिक महत्व है। अर्घ्य के समय इसी सूप में ठेकुआ, फल और अन्य प्रसाद रखकर डूबते और उगते सूर्य को अर्पित किया जाता है। मान्यता है कि बांस से बना सूप पवित्रता और समृद्धि का प्रतीक है। इसलिए हर श्रद्धालु नए सूप और दौरा की खरीदारी करता है। हालांकि, इन सामग्रियों की सुंदरता के पीछे बांस कारीगरों के हाथों की महीनों की मेहनत छिपी होती है। ये कारीगर पीढ़ियों से इस परंपरा को जीवित रखे हुए हैं।

दिन-रात चलता है काम

साहिबगंज के छोटा पचगढ़ स्थित तुरी टोला, बोरियो, बांझी, बरहेट, राजमहल और मंडरो के कई हाटों एवं मोहल्लों में बांस कारीगर परिवार दिन-रात इस काम में जुटे हैं। बांस खरीदने के बाद उसे चीरकर पतली-पतली पट्टियां बनाई जाती हैं। इसके बाद हाथों की कारीगरी से सूप, दौरा और छठी मैया की आकर्षक टोकरियां तैयार की जाती हैं।

छठ पर्व जैसे-जैसे नजदीक आ रहा है, कारीगरों की मेहनत और बिक्री दोनों तेज हो गई हैं। जिरवाबाड़ी (तुरी टोला) के कारीगर श्रवण तुरी ने बताया कि वे बचपन से ही इस काम को देखते आ रहे हैं। उनके दादा-परदादा भी यही काम करते थे। सालभर छठ पर्व का इंतजार रहता है। इसी अवसर पर कुछ अतिरिक्त आमदनी हो जाती है।

कीमत और रोजगार

इस बार बांस की कीमत बढ़ने के कारण सूप 150 से 250 रुपये और दौरा 300 से 500 रुपये तक बिक रहा है। इसके बावजूद लोग खुशी-खुशी इनकी खरीदारी कर रहे हैं, क्योंकि उन्हें पता है कि इन पारंपरिक सामग्रियों को तैयार करने के पीछे कारीगरों की कितनी मेहनत होती है।

सामाजिक समरसता का प्रतीक

इस महापर्व की सबसे खूबसूरत विशेषता सामाजिक समरसता है। सूप बनाने वाले ज्यादातर परिवार वंचित समुदाय से आते हैं, लेकिन उनके हाथों से तैयार सूप हर जाति, हर धर्म और हर वर्ग के घरों में पूजा के लिए इस्तेमाल होता है। छठ का यह पर्व संदेश देता है कि आस्था में कोई ऊंच-नीच नहीं होती और श्रम का हर रूप सम्मान के योग्य है।

यह केवल रोजगार का साधन नहीं, बल्कि लोककला और संस्कृति की पहचान भी है। इस महापर्व की सबसे बड़ी विशेषता यही है कि यह सामाजिक समरसता का सुंदर उदाहरण प्रस्तुत करता है। सूप-दौरा बनाने वाले कारीगरों का श्रम और व्रतियों की आस्था एक-दूसरे से जुड़कर पर्व को पूर्णता प्रदान करते हैं।

आपसी सहयोग का महापर्व है छठ

छठ केवल सूर्य उपासना का पर्व नहीं, बल्कि श्रम के सम्मान, स्वच्छता और सर्वजातीय एकता का प्रतीक भी है। यह लोककला, श्रम की गरिमा और आपसी सहयोग का महापर्व है। जहां कारीगर अपनी कला के माध्यम से पुरानी परंपरा को संजो रहे हैं, वहीं पूरा समाज इस परंपरा को अपनाकर एक सूत्र में बंध रहा है।

लेखक के बारे में

By संजय कुमार धीरज

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More