सासाराम स्टेशन पर बड़ा हादसा टला, चलने से पहले ट्रेन की बोगी धू-धू कर जली
प्लेटफॉर्म संख्या छह पर खड़ी थी ट्रेन, अचानक कोच से उठने लगा धुआं
सासाराम रेलवे स्टेशन पर सोमवार सुबह सासाराम-पटना फास्ट पैसेंजर ट्रेन में शॉर्ट सर्किट से आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। प्लेटफॉर्म संख्या छह पर खड़ी ट्रेन की पांचवीं बोगी पूरी तरह जलकर राख हो गई, जबकि चौथी बोगी का पिछला हिस्सा भी प्रभावित हुआ।
सासाराम: पूर्व मध्य रेलवे के पंडित दीन दयाल उपाध्याय रेल मंडल अंतर्गत सासाराम रेलवे स्टेशन पर सोमवार सुबह करीब 5:30 बजे सासाराम-पटना फास्ट पैसेंजर ट्रेन में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। इस घटना में ट्रेन की पांचवीं बोगी पूरी तरह जलकर राख हो गई, जबकि चौथी बोगी का पिछला हिस्सा भी आग की चपेट में आ गया। घटना के बाद स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
बताया गया कि ट्रेन संख्या 53212 डाउन सासाराम-पटना फास्ट पैसेंजर प्लेटफॉर्म संख्या छह पर प्रतिदिन की भांति खुलने के लिए खड़ी थी। ट्रेन में यात्रियों के बैठने का सिलसिला जारी था। इसी दौरान एक बोगी से धुआं निकलता देख मॉर्निंग वॉक कर रहे लोगों ने शोर मचाना शुरू कर दिया।

यात्रियों की सुविधा को देखते हुए प्लेटफॉर्म संख्या सात पर खड़ी सासाराम-आरा सवारी गाड़ी को निर्धारित समय से पहले रवाना किया गया, ताकि यात्री समय पर अपने गंतव्य तक पहुंच सकें।
पूर्व मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सरस्वती चन्द्र ने बताया कि सासाराम स्टेशन पर खड़ी खाली पैसेंजर ट्रेन के एक कोच से धुआं निकलने की सूचना मिलने के बाद रेलकर्मियों ने त्वरित कार्रवाई की। उन्होंने बताया कि सुबह करीब 6 बजे धुआं निकल रहे कोच को अलग कर दिया गया और फायर ब्रिगेड को बुलाया गया। रेलकर्मियों और फायर ब्रिगेड की संयुक्त कार्रवाई से सुबह 6:45 बजे तक आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।
रेलवे के अनुसार, घटना के समय कोच में कोई यात्री मौजूद नहीं था और इस हादसे में किसी यात्री या रेलकर्मी के घायल होने की सूचना नहीं है। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
Mohit Sinha is a writer associated with Samridh Jharkhand. He regularly covers sports, crime, and social issues, with a focus on player statements, local incidents, and public interest stories. His writing reflects clarity, accuracy, and responsible journalism.
