साहिबगंज को मिली बिजली की नई सौगात सब-स्टेशन में लगा नया 10 एमवीए ट्रांसफार्मर
खराब ट्रांसफार्मर के कारण लंबे समय से उपभोक्ताओं को हो रही थी परेशानी
साहिबगंज शहर के विद्युत उपभोक्ताओं को बड़ी राहत मिली है। शहर के विद्युत सब-स्टेशन में लंबे समय से खराब पड़े 10 एमवीए पावर ट्रांसफार्मर को बदलकर नया ट्रांसफार्मर सफलतापूर्वक स्थापित कर दिया गया है। सुबह से बिजली आपूर्ति बंद रखकर डीबीएल कंपनी की 80 टन क्षमता वाली क्रेन की मदद से ट्रांसफार्मर लगाया गया और देर शाम तक बिजली बहाल कर दी गई।
साहिबगंज: शहरवासियों के लिए राहत भरी खबर है। रविवार को शहर के विद्युत सब-स्टेशन में लगा पुराना और महीनों से खराब पड़ा 10 एमवीए पावर ट्रांसफार्मर आखिरकार बदल दिया गया। उसकी जगह नया 10 एमवीए ट्रांसफार्मर देर शाम तक सफलतापूर्वक स्थापित कर दिया गया।
ट्रांसफार्मर बदलने के लिए सुबह करीब 9:00 बजे से शहर की बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई थी। इसके बाद युद्धस्तर पर काम शुरू हुआ। डीबीएल कंपनी के 80 टन क्षमता वाले भारी-भरकम क्रेन की मदद से नए ट्रांसफार्मर को जगह पर स्थापित किया गया। अधीक्षण अभियंता राजकुमार के निर्देशन और कार्यपालक अभियंता शंभूनाथ चौधरी की देख-रेख में पूरी प्रक्रिया देर शाम तक पूरी कर बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई। कार्यपालक अभियंता शंभूनाथ चौधरी ने बताया कि पुराना ट्रांसफार्मर काफी समय से खराब था, जिसकी वजह से उपभोक्ताओं को दिक्कतें हो रही थीं। नया ट्रांसफार्मर मिलते ही उसे तुरंत लगाया गया है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि अब शहरवासियों को बेहतर और निर्बाध विद्युत आपूर्ति मिलेगी।


Susmita Rani is a journalist and content writer associated with Samridh Jharkhand. She regularly writes and reports on grassroots news from Jharkhand, covering social issues, agriculture, administration, public concerns, and daily horoscopes. Her writing focuses on factual accuracy, clarity, and public interest.


