Sahebganj News: आलमगीर आलम की रिहाई: जेल से बाहर आए पूर्व मंत्री, समर्थकों ने "जिंदाबाद" के नारों से गूंजाया होटवार
जेल के मुख्य द्वार पर कार्यकर्ताओं ने किया भव्य स्वागत
सुप्रीम कोर्ट से जमानत मिलने के बाद झारखंड के पूर्व मंत्री आलमगीर आलम जेल से बाहर आ गए हैं। उनकी रिहाई पर राँची से लेकर बरहरवा तक समर्थकों में भारी उत्साह देखा गया और कांग्रेस नेताओं ने उनका भव्य स्वागत किया।
बरहरवा: पूर्व विधायक और झारखंड के पूर्व ग्रामीण विकास मंत्री आलमगीर आलम गुरुवार दोपहर करीब डेढ़ बजे रांची के होटवार स्थित बिरसा मुंडा केंद्रीय कारागार से बाहर आ गए। सुप्रीम कोर्ट से सोमवार को जमानत मिलने के बाद से ही उनके समर्थकों में भारी उत्साह था। जैसे ही आलमगीर आलम जेल के मुख्य द्वार से बाहर निकले, वहां मौजूद हजारों कार्यकर्ताओं ने “आलमगीर आलम जिंदाबाद” के नारों से आसमान गुंजा दिया। समर्थकों ने फूल-मालाओं से उनका स्वागत किया। इसके बाद वे सीधे अपने पुराने विधानसभा स्थित आधिकारिक आवास पहुंचे।
आलमगीर आलम के स्वागत के लिए आवास को भव्य तरीके से सजाया गया था। साहिबगंज, बरहरवा, कोटालपोखर समेत जिले के विभिन्न हिस्सों से आए समर्थकों का हुजूम पिछले दो-तीन दिनों से उनके बाहर आने का इंतजार कर रहा था। उनके पहुंचते ही कार्यकर्ताओं ने जमकर पटाखे फोड़े। इस दौरान न केवल आलमगीर आलम, बल्कि निशात आलम और तनवीर आलम के पक्ष में भी जमकर नारेबाजी हुई। आलमगीर आलम के आवास पर कांग्रेस और गठबंधन के कई वरिष्ठ नेताओं ने गुलदस्ता भेंट कर उनका स्वागत किया।
