Dumka News: डिजिटल शोध की ओर कदम: SKMU में शिक्षकों ने सीखा SPSS सॉफ्टवेयर से डेटा विश्लेषण
शोध पद्धति और डेटा प्रबंधन की आधुनिक तकनीकें सिखाई गईं
सिदो कान्हु मुर्मू विश्वविद्यालय में आयोजित एफडीपी के चौथे दिन शिक्षकों को एसपीएसएस (SPSS) सॉफ्टवेयर के माध्यम से डेटा विश्लेषण का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य शिक्षकों के शोध और अकादमिक लेखन कौशल को आधुनिक मानकों के अनुरूप निखारना है।
दुमका: सिदो कान्हु मुर्मू विश्वविद्यालय में आयोजित छह दिवसीय फैकल्टी डेवलपमेंट प्रोग्राम (एफडीपी) के चौथे दिन प्रतिभागियों को शोध कार्य में उपयोग होने वाले सांख्यिकीय सॉफ्टवेयर एसपीएसएस के माध्यम से डेटा विश्लेषण का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। कार्यक्रम के दौरान विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों से शामिल शिक्षकों एवं शोधकर्ताओं ने शोध पद्धति, डेटा प्रबंधन तथा विश्लेषण की आधुनिक तकनीकों की जानकारी प्राप्त की। यह फैकल्टी डेवलपमेंट प्रोग्राम “सामाजिक विज्ञान रिसर्च मेथडोलॉजी एंड राइटिंग स्किल फॉर यूनिवर्सिटी टीचर्स इन झारखंड” विषय पर आयोजित किया जा रहा है।
कार्यक्रम का आयोजन झारखंड स्टेट फैकल्टी डेवलपमेंट अकादमी, उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग, झारखंड सरकार द्वारा किया जा रहा है, जबकि कार्यक्रम के नॉलेज पार्टनर के रूप में इंस्टीट्यूट ऑफ ह्यूमन डेवलपमेंट सहयोग कर रहा है। कार्यक्रम के मुख्य रिसोर्स पर्सन के रूप में इंस्टीट्यूट ऑफ ह्यूमन डेवलपमेंट के वरिष्ठ शिक्षाविद एवं प्रोफेसर बलवंत सिंह मेहता उपस्थित रहे। उन्होंने प्रतिभागियों को शोध कार्य में डेटा संग्रहण, कोडिंग, टेबल निर्माण, डेटा इंटरप्रिटेशन तथा एसपीएसएस सॉफ्टवेयर के विभिन्न टूल्स के उपयोग की विस्तृत जानकारी दी।

