Dumka News: उपायुक्त अभिजीत सिन्हा ने शिकारीपाड़ा के मलूटी चेकपोस्ट का किया औचक निरीक्षण
चेकपोस्ट पर तैनात दंडाधिकारियों के लिए होगी समुचित व्यवस्था
दुमका उपायुक्त अभिजीत सिन्हा ने शिकारीपाड़ा के मलूटी स्थित अंतरराज्यीय चेकपोस्ट का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था और वाहनों की जांच प्रक्रिया का जायजा लिया। उन्होंने क्यूआर कोड के माध्यम से चालान की वैधता जांचने और सीमा पर चौकसी बढ़ाने के निर्देश दिए।
दुमका: उपायुक्त अभिजीत सिन्हा ने मंगलवार को शिकारीपाड़ा प्रखंड के मलूटी (बंगाल सीमा) पर संचालित अंतरराज्यीय चेकपोस्ट का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था एवं वाहनों की जांच प्रक्रिया का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को वाहनों की सघन जांच करने एवं चौकसी बढ़ाने का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने कहा कि अवैध आवाजाही को रोकने के उद्देश्य से स्थापित इन चेकपोस्टों का नियमित एवं प्रभावी संचालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने सीमा क्षेत्र में वाहनों की चेकिंग को और अधिक सख्त करने तथा सभी आवश्यक नियमों का पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
