Ranchi News: DPS ने कक्षा 12वीं कॉमर्स और ह्यूमैनिटीज के मेधावी छात्रों को किया सम्मनित
छात्रों द्वारा प्राप्त शानदार प्रदर्शन के उपलक्ष्य में सम्मान समारोह का आयोजन
रांची: दिल्ली पब्लिक स्कूल(DPS) के विवेकानंद ऑडिटोरियम में केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) की सीनियर स्कूल सर्टिफिकेट एग्जामिनेशन (SSCE) 2025 में कॉमर्स और ह्यूमैनिटीज संकाय के छात्रों द्वारा प्राप्त शानदार प्रदर्शन के उपलक्ष्य में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया. इस समारोह की गरिमा मुख्य अतिथि राजेश्वरी बी (आईएएस), डायरेक्टर, डिपार्टमेंट ऑफ़ पंचायती राज, झारखंड सरकार, और विशिष्ट अतिथि जीशान क़मर (आईएएस), डायरेक्टर, डेरी डेवलपमेंट डायरेक्टरेट, झारखंड एवं मैनेजिंग डायरेक्टर, मार्केटिंग बोर्ड, झारखंड ने बढ़ाई. उनके प्रेरणादायक शब्दों और स्नेहिल उत्साहवर्धन ने विद्यार्थियों को गहराई से प्रभावित किया.
कार्यक्रम की शुरुआत विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत एक भावपूर्ण स्वागत गीत से हुई, जिसने पूरे सभागार को ऊर्जा से भर दिया. इसके बाद विद्यालय की प्राचार्या डॉ. जया चौहान द्वारा अतिथियों को सैपलिंग और स्मृति चिन्ह भेंट कर औपचारिक स्वागत किया गया. इसके बाद अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन और छात्रों द्वारा स्वागत नृत्य की प्रस्तुति हुई.

माननीय प्राचार्या डॉ. जया चौहान ने अपने संदेश में इस क्षण की विशेषता पर प्रकाश डाला. उन्होंने विद्यार्थियों के उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन की सराहना की और इसका श्रेय उनके समर्पण, शिक्षकों के मार्गदर्शन और अभिभावकों के अटूट समर्थन को दिया. उन्होंने कहा, “डीपीएस रांची में हमारा उद्देश्य केवल शैक्षणिक उत्कृष्टता नहीं है बल्कि नैतिक गुणों से परिपूर्ण वैश्विक नागरिकों को भी तैयार करना है.”
इस समारोह में उपस्थित गर्वित अभिभावकों की उपस्थिति ने आयोजन में भावनात्मक ऊर्जा और आत्मीयता का संचार किया. कार्यक्रम का समापन हेड गर्ल इशिका साहू द्वारा प्रस्तुत धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ और अंत में एक ग्रुप फोटो के माध्यम से इस यादगार अवसर को कैमरे में कैद किया गया.
