रामगढ़ कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, पुलिस ने बढ़ाई सुरक्षा
प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश को भेजी गई धमकी भरी चिट्ठी
रामगढ़ व्यवहार न्यायालय को स्पीड पोस्ट के माध्यम से बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद पुलिस और प्रशासन अलर्ट हो गया है। बांग्ला भाषा में भेजे गए पत्र में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश को धमकी दी गई है।
रामगढ़: रामगढ़ व्यवहार न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। यह धमकी स्पीड पोस्ट से एक चिट्ठी भेज कर दी गई है। यह धमकी सीधे प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश को दी गई है। बांग्ला भाषा में मिली चिट्ठी के बाद व्यवहार न्यायालय परिसर में हड़कंप मच गया।
सूचना के बाद रामगढ़ एसपी मुकेश कुमार लुनायत ने हाई अलर्ट जारी कर दिया है। साथ ही कोर्ट परिसर की सुरक्षा भी बढ़ा दी गई है। मंगलवार की रात और बुधवार की सुबह पूरे व्यवहार न्यायालय परिसर की जांच की गई।
रामगढ़ एसडीपीओ आलोक रंजन के नेतृत्व में रामगढ़ थाना प्रभारी नवीन प्रकाश पांडे ने पूरे परिसर की जांच कराई। यहां तक कि डॉग स्क्वायड टीम और मेटल डिटेक्टर के माध्यम से पूरे परिसर की छानबीन की गई है।
पुलिस ने व्यवहार न्यायालय परिसर को छावनी में तब्दील कर दिया है। किसी भी व्यक्ति के प्रवेश से पहले पूरी जांच की जा रही है।
रामगढ़ कोर्ट परिसर के कोने-कोने की जांच कराई गई है। जांच के दौरान कोई भी आपत्तिजनक चीज कोर्ट परिसर से बरामद नहीं हुआ है।
Susmita Rani is a journalist and content writer associated with Samridh Jharkhand. She regularly writes and reports on grassroots news from Jharkhand, covering social issues, agriculture, administration, public concerns, and daily horoscopes. Her writing focuses on factual accuracy, clarity, and public interest.


