जेपीएससी मेन्स परीक्षा तत्काल स्थगित हो, निष्पक्ष जांच के बाद ही नई अधिसूचना जारी हो: संजय मेहता
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को पत्र लिखकर मेन्स परीक्षा स्थगित करने की मांग
आजसू पार्टी के केंद्रीय महासचिव एवं प्रवक्ता संजय मेहता ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को पत्र लिखकर 14वीं जेपीएससी मेन्स परीक्षा तत्काल स्थगित करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि पीटी परीक्षा से जुड़े विवाद, आयोग के अध्यक्ष के इस्तीफे और कार्रवाई के बीच मेन्स परीक्षा कराना उचित नहीं होगा।
रांची: आजसू पार्टी के केंद्रीय महासचिव एवं प्रवक्ता संजय मेहता ने 14वीं झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) की मेन्स परीक्षा को तत्काल स्थगित करने की मांग करते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को पत्र लिखा है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में पूरी परीक्षा प्रक्रिया विवादों के घेरे में है। ऐसे समय में मेन्स परीक्षा आयोजित करना अभ्यर्थियों के हित में नहीं होगा।
संजय मेहता ने पत्र में कहा कि 14वीं जेपीएससी पीटी परीक्षा को लेकर लगातार विवाद सामने आ रहे हैं। परीक्षा नियंत्रक एवं अन्य अधिकारियों पर कार्रवाई की गई है तथा आयोग के अध्यक्ष ने भी अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। ऐसी स्थिति में अध्यक्ष के बिना मेन्स परीक्षा आयोजित करने की प्रक्रिया पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। इसलिए सरकार को छात्रों के हित में तत्काल मेन्स परीक्षा स्थगित करने की अधिसूचना जारी करनी चाहिए।


उन्होंने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि अभ्यर्थियों के हितों को ध्यान में रखते हुए 14वीं जेपीएससी मेन्स परीक्षा तत्काल स्थगित की जाए तथा पूरे मामले की निष्पक्ष जांच के उपरांत ही नई अधिसूचना जारी कर आगे की परीक्षा प्रक्रिया शुरू की जाए।
संजय मेहता ने कहा कि आजसू पार्टी सदैव छात्रों और युवाओं के अधिकारों की आवाज उठाती रही है तथा आगे भी उनके भविष्य और हितों की रक्षा के लिए लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष करती रहेगी।
Mohit Sinha is a writer associated with Samridh Jharkhand. He regularly covers sports, crime, and social issues, with a focus on player statements, local incidents, and public interest stories. His writing reflects clarity, accuracy, and responsible journalism.


