पलामू में आंधी-पानी का कहर, पेड़ गिरने से दो की मौत; रेलवे परिचालन भी प्रभावित
पलामू जिले में तेज आंधी और बारिश ने भारी तबाही मचाई। पेड़ गिरने से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है। कई घरों की छतें क्षतिग्रस्त हुईं और डालटनगंज रेलवे स्टेशन के पास बिजली तार टूटने से रेल परिचालन भी प्रभावित रहा।
पलामू: पलामू जिले में बुधवार देर शाम आये आंधी पानी से भारी तबाही मची है। पेड़ गिरने से दो की मौत हो गई एक जख्मी है। उसका इलाज मेदिनी राय मेडिकल कॉलेज अस्पताल (एमएमसीएच) मेदनीनगर में चल रहा है। डालटनगंज रेलवे स्टेशन से सटे सिंगरा में रेलवे का तार टूटने से एक घंटे तक परिचालन बाधित रहा। कई गरीबों का आशियाना उजड़ गया।
छत को ज्यादा नुकसान पहुंचा। छतों पर लगे सोलर प्लेट भी क्षतिग्रस्त हो गए हैं। पलामू प्रशासन नुकसान का आकलन करने में जुटा हुआ है।

घटना के संबंध में बताया जाता है कि कामदेव चंद्रवंशी एक शादी समारोह में शामिल होने हैदरनगर के रामबांध टोला के धोबियाडीह आए हुए थे। इसी दौरान उनकी तबीयत खराब होने पर अनिल चंद्रवंशी उन्हें बाइक से इलाज कराने हैदरनगर लाए थे।
इलाज के बाद दोनों बाइक से वापस घर लौट रहे थे, तभी तेज आंधी-तूफान के बीच मरघटिया रोड पर पीपल का विशाल पेड़ अचानक बाइक पर गिर पड़ा। पेड़ गिरते ही दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय ग्रामीणों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया और दोनों को निजी वाहन से अनुमंडलीय अस्पताल हुसैनाबाद पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने कामदेव चंद्रवंशी को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल अनिल चंद्रवंशी की स्थिति नाजुक देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए मेदिनीनगर स्थित एमएमसीएच रेफर कर दिया गया। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है।
अचानक आए तूफान और इस हादसे ने लोगों को झकझोर कर रख दिया। घटना की सूचना मिलते ही हैदरनगर पुलिस घटना स्थल पहुंच कर घायल व मृतक को अनुमंडलीय अस्पताल भेजने के बाद मामले की छानबीन शुरू कर दी है। थाना प्रभारी अफजल अंसारी ने गुरुवार सुबह बताया कि मृतक के शव का पोस्टमार्टम होने के बाद परिजनों को सौंप दिया जायेगा।
बारात में साउंड लेकर जा रहे युवक की पेड़ गिरने से दबकर मौत
जिले के लेस्लीगंज थाना क्षेत्र के नौडीहा गांव में तेज आंधी-पानी के दौरान एक दर्दनाक हादसे में एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान पप्पू कुमार (18),पिता सुनील राम, ग्राम नौडीहा थाना लेस्लीगंज के रूप में हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार पप्पू कुमार अपने गांव से साउंड सिस्टम लेकर बारात जाने के लिए निकला था। इसी दौरान अचानक तेज आंधी और बारिश शुरू हो गई। तेज हवा के कारण सड़क किनारे एक पेड़ गिर पड़ा, जिसकी चपेट में आने से पप्पू दब गया। घटना के बाद आसपास के लोगों ने उसे जेसीबी बुलाकर निकालने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलते ही इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। वहीं परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंचकर मामले की जानकारी में जुट गई।
समृद्ध डेस्क (Samridh Desk), समृद्ध झारखंड का आधिकारिक संपादकीय विभाग है, जो निष्पक्ष, पारदर्शी और सामाजिक जागरूक पत्रकारिता के लिए समर्पित है। हम अनुभवी संपादकों, रिपोर्टरों, डिजिटल संवाददाताओं और कंटेंट राइटर्स की टीम हैं, जो सत्य और जिम्मेदारी की भावना से समाज के मुद्दों को सामने लाने का कार्य करती है।
हम हर खबर को तथ्यों, निष्पक्षता और जनहित के दृष्टिकोण से प्रस्तुत करते हैं, ताकि पाठकों को केवल सूचना नहीं, बल्कि सच्चाई का पूरा चित्र मिले।
