Palamu News: आयुष्मान योजनाओं की समीक्षा में डीसी सख्त, 17 अस्पतालों के क्लेम की होगी जांच
सत्रह अस्पतालों में हुए आयुष्मान क्लेम की होगी जांच
उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने मेदिनीनगर के 17 अस्पतालों में आयुष्मान क्लेम की जांच हेतु समिति गठित करने का निर्देश दिया है। साथ ही, डिजिटल हेल्थ सिस्टम को मजबूत करने के लिए पंचायत स्तर पर आभा कार्ड बनाने और पीवीटीजी समुदायों को आयुष्मान योजना से जोड़ने पर बल दिया गया।
मेदिनीनगर: जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने शनिवार को समाहरणालय सभागार में स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में मुख्यमंत्री डिजिटल हेल्थ स्कीम, मुख्यमंत्री रख-रखाव योजना, क्लिनिकल एस्टेब्लिशमेंट एक्ट, मुख्यमंत्री गंभीर बीमारी योजना तथा आयुष्मान भारत योजना से संबंधित कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई।
समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने आयुष्मान भारत योजना के तहत किये जा रहे क्लेम को गंभीरता से लेते हुए जिले के आयुष्मान से संबद्ध कुल 17 अस्पतालों में हुए क्लेम की जांच कराने का निर्देश दिया। इसके लिए अपर समाहर्ता, संबंधित अनुमंडल पदाधिकारी तथा जिला कल्याण पदाधिकारी को शामिल करते हुए एक जांच समिति गठित करने का निर्देश दिया गया। उपायुक्त ने कहा कि जांच समिति अस्पतालों में आयुष्मान योजना के तहत किये गये इलाज एवं क्लेम की बारीकी से जांच करेगी ताकि योजनाओं का लाभ सही लाभुकों तक पारदर्शी तरीके से पहुंचे तथा किसी प्रकार की अनियमितता पर आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

