Giridih News: फॉरवर्ड ब्लॉक की टीम पहुंची खनडीहा, दिलीप दास के परिजनों और ग्रामीणों से की मुलाकात
पीड़ित परिवार को सहायता और रोजगार के लिए अभियान शुरू करने का ऐलान
ऑल इंडिया फॉरवर्ड ब्लॉक के जिला संयोजक राजेश यादव ने खनडीहा जाकर सीपी साइडिंग घटना के मृतक दिलीप दास के परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने स्थानीय लोगों की बेरोजगारी को इस दुखद घटना का मूल कारण बताते हुए रोजगार नीति बनाने के लिए आंदोलन का ऐलान किया।
गिरिडीह: ऑल इंडिया फॉरवर्ड ब्लॉक की एक टीम ने आज पूर्व जिला परिषद सदस्य एवं पार्टी के जिला संयोजक राजेश यादव की अगवाई में सदर प्रखंड के खनडीहा जाकर पिछले दिनों सीपी साइडिंग में हुई घटना में मारे गए दिलीप दास के परिजनों सहित स्थानीय ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं को सुना।
संगठन ने इस घटना के प्रति जहां दुख व्यक्त किया, वहीं मृतक के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित कर परिवार को सांत्वना दी। यादव ने इस अवसर पर कहा कि, इस तरह की घटनाओं के पीछे असली वजह स्थानीय गरीबों की बेरोजगारी है। सीसीएल या केंद्र सरकार की नीतियों के कारण जिनकी जमीन गई उन्हें रोजगार का कोई जरिया नहीं मिला। आज भी यहां के अधिकांश गरीब कोयला चुनकर बेचने पर ही निर्भर हैं, जिन्हें बड़ी आसानी से कोयला चोर कह दिया जाता है। कहा कि, यदि इनके लिए रोजगार की कोई वैकल्पिक व्यवस्था हो, तो कोयला चुनने की कोई जरूरत ही नहीं पड़ेगी।

