झारखंड के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर की तबीयत बिगड़ी, रांची के सेंटेविटा अस्पताल में भर्ती
झारखंड के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें रांची के सेंटेविटा अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों की टीम इलाज कर रही है और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अस्पताल पहुंचकर हालचाल लिया।
पलामू। झारखंड सरकार के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर की अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद मंगलवार को उन्हें रांची के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया। मंत्री हाल ही में पश्चिम बंगाल में चुनाव प्रचार के लिए गए थे और वहां से लौटने के बाद उनकी तबीयत खराब हो गई।
मंत्री राधाकृष्ण किशोर रविवार को पश्चिम बंगाल से मेदिनीनगर, पलामू पहुंचे थे। इसी दौरान उनकी तबीयत बिगड़ने की सूचना सामने आई। सोमवार शाम वे पलामू से रांची लौट आए, लेकिन रात में उनकी स्थिति और खराब हो गई। इसके बाद मंगलवार सुबह उन्हें रांची स्थित सेंटेविटा अस्पताल में भर्ती कराया गया।


बताया गया कि पलामू दौरे के दौरान सोमवार को मंत्री ने परिसदन में पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के अभियंताओं के साथ पेयजल समस्या के समाधान को लेकर बैठक की थी। इसी बैठक के दौरान वे अस्वस्थ नजर आ रहे थे। जब अधिकारियों और सहयोगियों ने उनके स्वास्थ्य के बारे में पूछा, तो उन्होंने लूज मोशन की शिकायत बताई थी।
मेदिनीनगर में चिकित्सक डॉ. आर.के. रंजन ने प्राथमिक उपचार किया था, लेकिन बाद में तबीयत अधिक बिगड़ने पर उन्हें रांची रेफर कर दिया गया। अब राजधानी में उनका इलाज जारी है।
गौरतलब है कि पलामू सहित आसपास के क्षेत्रों में इन दिनों भीषण गर्मी और लू का प्रकोप जारी है। तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है, जिससे आम लोगों के साथ-साथ जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों पर भी असर पड़ रहा है। दोपहर के समय घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है।
संभावना जताई जा रही है कि अत्यधिक गर्मी और लगातार व्यस्त कार्यक्रमों के कारण मंत्री की तबीयत प्रभावित हुई हो। फिलहाल सभी की नजर उनके स्वास्थ्य पर बनी हुई है और समर्थक उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।
समृद्ध डेस्क (Samridh Desk), समृद्ध झारखंड का आधिकारिक संपादकीय विभाग है, जो निष्पक्ष, पारदर्शी और सामाजिक जागरूक पत्रकारिता के लिए समर्पित है। हम अनुभवी संपादकों, रिपोर्टरों, डिजिटल संवाददाताओं और कंटेंट राइटर्स की टीम हैं, जो सत्य और जिम्मेदारी की भावना से समाज के मुद्दों को सामने लाने का कार्य करती है।
हम हर खबर को तथ्यों, निष्पक्षता और जनहित के दृष्टिकोण से प्रस्तुत करते हैं, ताकि पाठकों को केवल सूचना नहीं, बल्कि सच्चाई का पूरा चित्र मिले।
Related Posts

