एसबीयू में अंतरराष्ट्रीय AI सम्मेलन का भव्य समापन, 400+ प्रतिभागियों की भागीदारी
देश-विदेश के विशेषज्ञों ने AI के भविष्य और उपयोगिता पर साझा किए विचार
Sarala Birla University में आयोजित दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन ‘ICON-CM 2026’ का सफल समापन हुआ। ‘AI रिवॉल्यूशन एंड द ट्रांसफॉर्मेशन ऑफ बिजनेस, मैनेजमेंट एंड फाइनेंस’ विषय पर आधारित इस कार्यक्रम में देश-विदेश के विशेषज्ञों ने भाग लिया।
रांची: सरला बिरला विश्वविद्यालय में 'एआई रिवॉल्यूशन एंड द ट्रांसफॉर्मेशन ऑफ बिजनेस, मैनेजमेंट एंड फाइनेंस इन द ट्वेंटी फर्स्ट सेंचुरी' विषय पर दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन ' आईकॉन- सीएम 2026' का समापन हुआ। इस अवसर पर ऑनलाइन एवं ऑफलाइन ट्रैक के माध्यम से देश-विदेश के अकादमिक और औद्योगिक जगत से जुड़ी नामचीन हस्तियों ने सम्मेलन में एआई और उससे जुड़े विभिन्न आयामों, इसकी उपयोगिता और भविष्य पर अपना विचार प्रस्तुत किया। विश्वविद्यालय के फैकल्टी ऑफ कॉमर्स एवं फैकल्टी ऑफ़ बिजनेस मैनेजमेंट द्वारा आयोजित इस सम्मेलन में तकरीबन चार सौ से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।


कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संदीप कुमार कार, एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर, आरडीसीआईएस-सेल, रांची ने कहा कि नवाचार ही सफलता की कुंजी है। उन्होंने चीन के इस्पात क्षेत्र में हुई तेज प्रगति का उदाहरण देते हुए बताया कि वहां अनुसंधान एवं विकास में भारी निवेश किया जा रहा है, जबकि भारत इस क्षेत्र में अपेक्षाकृत पीछे है। उन्होंने डाटा के समुचित विश्लेषण पर जोर दिया।
सम्मेलन के अंतिम दिन एसबीयू के महानिदेशक प्रो गोपाल पाठक, कुलपति प्रो सी जगनाथन, रजिस्ट्रार प्रो श्रीधर डांडिन, प्रो. संदीप कुमार, डॉ. अतुल कर्ण एवं विवि के शिक्षकगण एवं शिक्षाकेत्तर कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सम्मेलन की समाप्ति पर प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए।
एसबीयू के प्रतिकुलाधिपति बिजय कुमार दलान और राज्यसभा सांसद सह निदेशक प्लानिंग एंड डेवलपमेंट डॉ प्रदीप कुमार वर्मा ने इस कार्यक्रम के आयोजन पर हर्ष व्यक्त करते हुए शुभकामना संदेश प्रेषित किया है।
