Bokaro News: रणविजय मेमोरियल संस्कार पब्लिक स्कूल ने स्टेट टॉपर छोटी को किया सम्मानित
सीमित संसाधनों में ग्रामीण बच्चों की बड़ी जीत
कसमार के रणविजय मेमोरियल स्कूल में आयोजित समारोह में इंटर आर्ट्स की स्टेट टॉपर छोटी कुमारी सहित जिला स्तर के मेधावी छात्रों को सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथियों ने विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र और सम्मान राशि भेंट कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कसमार: खैराचातर स्थित रणविजय मेमोरियल संस्कार पब्लिक स्कूल में शनिवार को प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें इंटर आर्ट्स की स्टेट टॉपर छोटी कुमारी सहित विभिन्न संकायों के मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। समारोह में मुख्य अतिथि पूर्व मुखिया रामसेवक जायसवाल, विद्यालय की प्राचार्या विभा पांडेय एवं अन्य अतिथियों ने विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र, स्मृति चिह्न तथा सम्मान राशि प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया। विद्यालय परिवार की ओर से स्टेट टॉपर छोटी कुमारी को विशेष सम्मान राशि भी भेंट की गई।
इस अवसर पर जिला स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अन्य विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया। इनमें सीमा कुमारी ने 448 अंक प्राप्त कर जिला टॉप थ्री में स्थान बनाया, जबकि खुशी प्रवीण ने 443 अंक हासिल कर जिला टॉप फाइव में जगह बनाई। वहीं विज्ञान संकाय के छात्र सरुण कुमार महतो ने 457 अंक प्राप्त कर जिला टॉप टेन में अपनी उपस्थिति दर्ज करायी।
प्राचार्या विभा पांडेय ने कहा कि सफलता परिस्थितियों की मोहताज नहीं होती, बल्कि दृढ़ इच्छाशक्ति और लगातार प्रयास से बड़े लक्ष्य हासिल किए जा सकते हैं।

