Koderma News: मोहनी एकादशी पर श्याम निशान महिला मंडल ने निकाली निशान यात्रा
भीषण गर्मी में भी दिखा भक्तों का अटूट विश्वास
झुमरीतिलैया में मोहनी एकादशी के अवसर पर श्याम निशान महिला मंडल द्वारा 50वीं भव्य निशान यात्रा निकाली गई, जिसमें श्रद्धालु बाबा श्याम के भजनों पर झूमते नजर आए। झंडा चौक से शुरू होकर यह यात्रा विभिन्न मार्गों से होते हुए श्याम मंदिर पहुंची, जहां भक्तों ने निशान अर्पित कर सुख-समृद्धि की कामना की। इस दौरान शहर के विभिन्न मंदिरों में अखंड ज्योत, ताली कीर्तन और छप्पन भोग का भी आयोजन किया गया।
कोडरमा: सोमवार को अभ्रक नगरी झुमरीतिलैया में मोहनी एकादशी पर श्याम निशान महिला मंडल की 50वीं निशान यात्रा निकाली गई। शहर के झंडा चौक स्थित दुर्गा कॉम्प्लेक्स में दुर्गा मंदिर में पूजा अर्चना पंडित जीवकांत झा ने कराई जिसमें यजमान के रूप में सोनिया छाबड़ा शामिल हुई। निशान यात्रा में एक सुसज्जित वाहन में श्याम बाबा का दरबार सजाया गया. निशान यात्रा स्टेशन रोड, भदानी रोड, अड्डी बंगला होते हुए श्याम बाबा पथ स्थित श्याम मंदिर पहुंचकर निशान अर्पित किया गया। इस निशान यात्रा में हारे का सहारा श्याम बाबा हमारा के नारों से गुंजामन होता रहा। निशान यात्रा में शामिल श्रद्धालु भक्त मन की बातां सवारियां न, आ सुना कर देख ले... देना है तो दीजिए जन्म जन्म का साथ जैसे भजनों पर झूमते नजर आए।
इस निशान यात्रा में कृतिका मोदी, अंजना केडिया, कविता गुप्ता, नीलम अम्बस्टा, शालू सेठ, सारिका केडिया, गोपाल कुमार, रितेश सिन्हा, रेशमान कुमार आदि मुख्य रूप से शामिल थे। वहीं दूसरी ओर वैसाख मास की मोहनी एकादशी को ले कई श्रद्धालु भक्त व्रत, पूजा-पाठ और दान करने की प्रक्रिया में लगे रहे। श्याम मंदिर के अलावा कई अन्य मंदिरों में भी श्याम प्रभु के प्रति आस्था देखने को मिली भक्तों ने ताल देते हुए गायक कलाकारों के साथ भजन कीर्तन किया।



